Mirzapur News : मिर्जापुर में पति-पत्नी ने फंदा लगाकर दी जान, एक साल पहले हुई थी शादी परिजनों में कोहराम

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के चील्ह थाना क्षेत्र के श्रीपट्टी गांव में सोमवार सुबह एक युवा दम्पति ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।

अपर पुलिस अधीक्षक नितेश कुमार सिंह ने बताया कि श्रीपट्टी गांव निवासी उमाशंकर विश्वकर्मा ने सूचना दी कि उनके पुत्र रोहित विश्वकर्मा (27) और पुत्रवधू सरस्वती (23) ने कमरे के अंदर फंदे से लटककर जान दे दी है। बताया गया कि रविवार रात दोनों भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए थे।

सोमवार सुबह देर तक कमरे से बाहर न आने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। दरवाजा तोड़कर देखा गया तो दोनों के शव फांसी के फंदे पर लटके मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। 

सुसाइड नोट में लिखी अंतिम इच्छा

घटना की सूचना मिलते ही चील्ह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कमरे को सील कर जांच शुरू की और साक्ष्य जुटाए। पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।

 पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट में दोनों ने भावुक शब्दों में अपनी अंतिम इच्छा व्यक्त की है।सुसाइड नोट में लिखा है कि, उनके अंतिम संस्कार एक ही चिता पर किए जाएं, उनके माता-पिता को परेशान न किया जाए, परिवार के किसी सदस्य को इस घटना के लिए जिम्मेदार न ठहराया जाए, इस सुसाइड नोट ने मामले को और भी संवेदनशील बना दिया है। हालांकि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सुसाइड नोट वास्तव में दोनों ने ही लिखा है या नहीं।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर विवेचना कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

 

संबंधित समाचार