राज्यपाल ने स्कूली बच्चों को पुरस्कार देकर बढ़ाया उत्साह, जनभवन में सम्पन्न हुई लखनऊपेक्स डाक टिकट प्रदर्शनी
लखनऊ, अमृत विचार : जनभवन में आयोजित पुष्प प्रदर्शनी के अंतिम दिन भारतीय डाक विभाग की ओर से आयोजित जिला स्तरीय डाक टिकट प्रदर्शनी ''लखनऊपेक्स'' का समापन हुआ। प्रदर्शनी में लखनऊ सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए फिलेटलिस्टों ने अपने दुर्लभ और संग्रहणीय डाक टिकटों का प्रदर्शन कर सक्रिय सहभागिता निभाई।
चीफ पोस्टमास्टर, जीपीओ ने बताया प्रदर्शनी के दौरान विशेष आवरण, विशेष विरुपण और चित्र पोस्टकार्ड का विमोचन किया गया। साथ ही स्कूली बच्चों के लिए प्रश्नोत्तरी, पत्र लेखन, डाक टिकट डिजाइन प्रतियोगिता, डाक टिकट संग्रह (फिलैटली) पर कार्यशाला और संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
अंतिम दिवस पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन, रचनात्मकता और ज्ञान के लिए प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए।
