धमकी भरा ई-मेल:अमरोहा न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकी, बम प्लांट कर देने का किया दावा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमरोहा, अमृत विचार। जिला न्यायालय में उस वक्त हड़कंप मच गया जब कोर्ट के परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली। ई-मेल से मिली धमकी के बाद पुलिस और प्रशासन भी सकते में आ गया। धमकी भरे ई-मेल में दावा किया गया कि न्यायालय परिसर में बम लगा दिया गया है। 

दरअसल सोमवार सुबह अमरोहा के न्यायालय के आधिकारिक ई-मेल आईडी पर एक मेल प्राप्त हुआ। जिसमें न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की बात कही गई। दावा किया गया कि न्यायालय परिसर में बम लगा दिया गया है, जिसमें दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर विस्फोट होगा। ये ई-मेल मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन हरकत में आया। बम निरोधक और श्वान दस्ते के साथ परिसर में चेकिंग अभियान चलाया गया। एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि जो ई-मेल मिला है, उसकी जांच साइबर सेल टीम कर रही है। उन्होंने अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और आम लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील की।

प्राप्त हुए ई-मेल के जरिए जज के चैंबर में आरडीएक्स लगाने की धमकी दी गई थी। एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि ई-मेल के जरिए धमकी देने वालों ने तमिलानाडु राज्य में ईडब्लूएस आरक्षण रोके जाने के खिलाफ न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकी दी है। लिहाजा कोर्ट परिसर की संघना से जांच की गई है। बम निरोधक व श्वान दस्ता चेकिंग कर रहा है। ई-मेल की जांच की जा रही है।

 

संबंधित समाचार