बहराइच : जंगली हाथी के हमले में पुजारी की मौत, इलाके में दहशत

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बहराइच। उत्तर प्रदेश के जनपद बहराइच में कतर्नियाघाट वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक जारी है। रविवार रात एक जंगली हाथी ने कटियारा बाबा कुटिया में घुसकर एक पुजारी को पटक-पटककर मार डाला। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। वन विभाग के अनुसार घटना कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के अंतर्गत कटियारा बाबा कुटिया की है। 

मृतक की पहचान सुरेश दास (100) निवासी हजारीपुरवा गांव, कारीकोट क्षेत्र के रूप में हुई है। वह पिछले 15 वर्षों से कुटिया में रहकर पूजा-पाठ करते थे और बाल ब्रह्मचारी थे। बताया जाता है कि रविवार रात करीब 8:30 बजे सुरेश दास अपने साथी राम लखन के साथ भोजन कर रहे थे। भोजन के बाद राम लखन बर्तन धोने चले गए, जबकि सुरेश दास कुटिया में ही मौजूद थे। 

इसी दौरान एक दांत वाला जंगली हाथी कुटिया में घुस आया और तोड़फोड़ करने लगा। राम लखन ने बताया कि जब वह वापस लौटे तो कुटिया के अंदर हाथी को देखा। वह टॉर्च लेने के लिए पीछे हट गए। इस बीच पुजारी ने हाथी से कहा, "सब तोड़ दोगे क्या? हम कहां रहेंगे?" तभी हाथी ने उन्हें दौड़ा लिया। कुछ दूरी पर गिरने के बाद हाथी ने उन्हें दांत में फंसाकर पटक दिया और पैरों तले कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना ग्राम प्रधान श्याम लाल को दी गई।

सूचना पर सुजौली थानाध्यक्ष प्रकाश चंद्र शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम ने भी पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। कतर्नियाघाट के रेंजर आशीष गोंड ने बताया कि क्षेत्र में इन दिनों हाथियों की गतिविधि बढ़ी हुई है, जिससे रात में मौके तक पहुंचने में दिक्कतें आईं। वनकर्मियों और गजमित्रों की टीम को अलर्ट कर दिया गया है। 

जंगल से सटे गांवों के लोगों को रात में सतर्क रहने, टॉर्च लेकर निकलने और अकेले जंगल की ओर न जाने की सलाह दी गई है। उल्लेखनीय है कि दो दिन के भीतर हाथी के हमले में यह दूसरी मौत है। इससे पूर्व शुक्रवार को बिछिया-मिहीपुरवा मार्ग पर एक हाथी ने बाइक सवार महिला पर हमला कर दिया था, जिससे उसकी मृत्यु हो गई, जबकि उसके दो बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्र में भय का वातावरण बना हुआ है।  

संबंधित समाचार