बुर्का पहनकर उठाई थी कांवड़: सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग से आहत तमन्ना बोली, मेरी मर्जी से लोगों दिक्कत क्यों
संभल, अमृत विचार। हिंदू युवक से शादी की मन्नत पूरी होने के बाद हरिद्वार से बुर्का पहनकर कांवड़ लाने वाली तमन्ना को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया जा रहा है। आरोप है कि कुछ लोग उन्हें धमकियां दे रहे हैं। तमन्ना और उनके पति अमन त्यागी ने अधिकारियों से मिलकर सुरक्षा की मांग करने और धमकी देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है। तमन्ना का कहना है कि मैं बुर्का पहनकर कांवड़ लाई यह मेरी मर्जी, किसी को इससे क्या दिक्कत है।
थाना असमोली क्षेत्र के गांव बदनपुर बसई निवासी अमन त्यागी और उनकी पत्नी तमन्ना रविवार को नैमिषारण्य तीर्थ में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में धमकियां मिलने का खुलासा किया। अमन त्यागी ने कहा कि बुर्का मैंने उन्हें नहीं पहनाया और न ही किसी प्रकार का दबाव डाला। 22 साल तक वे अपने घर पर थीं, तब भी बुर्का पहनती थीं। अब यदि अपनी मर्जी से पहन रही हैं तो किसी को आपत्ति क्यों है? हमारे सनातन धर्म में हर व्यक्ति को आस्था और जीवन जीने की स्वतंत्रता है।
तमन्ना ने बताया कि भगवान भोलेनाथ में आस्था है और अगले वर्ष भी कांवड़ लेकर आएंगी। लोगों को इससे क्यों परेशानी हो रही है? सभी को अपनी मर्जी से जिंदगी बिताने और धार्मिक क्रियाकलाप करने की आजादी है। मैं भी वही कर रही हूं। दंपति का कहना है कि कुछ लोग सोशल मीडिया के माध्यम से धमकियां दे रहे हैं। इस तरह के लोग समाज में नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से जांच कर धमकी देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
बुर्का पहनकर कांवड़ लाने की रही चर्चा
संभल, अमृत विचार: बदनपुर बसई गांव की रहने वाली तमन्ना मलिक ने चार साल पहले अमन त्यागी से प्रेम विवाह किया था। अमन के हिंदू होने के कारण काफी विरोध भी हुआ था। तमन्ना कहती है कि उसने भोलेनाथ से मन्नत मांगी थी कि उसका विवाह अमन से हो जायेगा तो वह हरिद्वार से कांवड़ लेकर आयेगी। मन्नत पूरी करने के लिए तमन्ना पति अमन के साथ हरिद्वार से कांवड़ लेकर लाई। चर्चा का कारण यह रहा कि तमन्ना बुर्का पहनकर कांवड़ लाई थी। किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला तो यह मामला देश में चर्चा का विषय बन गया।
