यूपी बोर्ड 2026 परीक्षा में बड़ी राहत! एडमिट कार्ड भूल गए तो भी दे सकेंगे एग्जाम, लेकिन ये सख्त नियम जरूर जान लें

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊः उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने हाईस्कूल (कक्षा 10वीं) और इंटरमीडिएट (कक्षा 12वीं) की बोर्ड परीक्षाओं के लिए महत्वपूर्ण दिशानिर्देश जारी किए हैं। परीक्षाएं 18 फरवरी 2026 से शुरू होकर 12 मार्च 2026 तक चलेंगी। इस बार कुल 52 लाख से ज्यादा छात्र शामिल होने वाले हैं, जिनमें लगभग 27.50 लाख हाईस्कूल और 24.79 लाख इंटर के उम्मीदवार हैं।

एडमिट कार्ड भूलने पर भी मिलेगी एंट्री – लेकिन शर्तों के साथ  

अगर कोई छात्र हड़बड़ी या गलती से एडमिट कार्ड घर भूल आता है, तो भी परीक्षा में बैठ सकता है। केंद्र व्यवस्थापक (एग्जाम सेंटर का प्रभारी) अपने विवेक से प्रोविजनल अनुमति दे सकता है। हालांकि, छात्र को अगले पेपर या जल्द से जल्द मूल एडमिट कार्ड या उसकी डुप्लीकेट कॉपी जरूर दिखानी होगी। एडमिट कार्ड एक अनिवार्य दस्तावेज है, इसलिए इसे साथ रखना सबसे सुरक्षित रहेगा।

देर से पहुंचने वालों को 30 मिनट का ग्रेस पीरियड  

परीक्षा शुरू होने के बाद अधिकतम 30 मिनट तक लेट आने वाले छात्रों को एंट्री मिल सकती है, बशर्ते वे कोई उचित कारण बताएं। इससे ज्यादा देर होने पर अनुमति नहीं दी जाएगी।

एडमिट कार्ड में गलती होने पर डिसक्वालिफाई नहीं होंगे  

नाम, जेंडर या अन्य पहचान संबंधी जानकारी में छोटी-मोटी त्रुटि होने पर छात्र स्वतः अयोग्य नहीं घोषित होंगे। अन्य दस्तावेजों (जैसे आधार कार्ड, स्कूल आईडी) से वेरिफिकेशन कर लिया जाएगा।

दिव्यांग छात्रों के लिए विशेष सुविधाएं  

दिव्यांग (पीडब्ल्यूडी) उम्मीदवारों को प्रति घंटे 20 मिनट अतिरिक्त समय मिलेगा। अगर परीक्षा केंद्र बहुमंजिला इमारत में है, तो उन्हें ग्राउंड फ्लोर पर बैठने की व्यवस्था की जाएगी।

एडमिट कार्ड खो जाए तो तुरंत क्या करें?  

एडमिट कार्ड गुम होने पर फौरन स्कूल को सूचित करें। स्कूल प्रिंसिपल या हेड ही डुप्लीकेट जारी कर सकता है। परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड के अलावा फोटो आईडी (आधार आदि) जरूर साथ ले जाएं और कम से कम एक घंटा पहले पहुंचें।

उत्तर पुस्तिका से जुड़े सख्त नियम – नकल जैसा माना जाएगा  

- कॉपी के हर पेज पर रोल नंबर और कॉपी नंबर लिखना अनिवार्य है, ताकि पन्नों की अदला-बदली न हो सके।  
- कॉपी के अंदर नाम या कोई पहचान चिन्ह लिखना पूरी तरह प्रतिबंधित है।  
- अगर जांच या मूल्यांकन के दौरान कॉपी में करेंसी नोट या कोई अन्य वस्तु मिलती है, तो इसे अनुचित साधन (UFM) माना जाएगा। नोट जब्त कर ट्रेजरी में जमा किया जाएगा, रिपोर्ट जिला स्कूल निरीक्षक को भेजी जाएगी और एग्जाम एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई होगी (केस दर्ज हो सकता है)।  
- केंद्रों पर सीसीटीवी और ऑडियो रिकॉर्डिंग से निगरानी होगी।

अन्य महत्वपूर्ण निर्देश  

- सभी केंद्रों पर कंट्रोल रूम सक्रिय रहेंगे।  
- सरकारी और एडेड स्कूलों के शिक्षकों को परीक्षा ड्यूटी के लिए 20 शिफ्ट निर्धारित की गई हैं।  
- निष्पक्षता बनाए रखने के लिए कक्ष निरीक्षकों को हर छात्र पर नजर रखने और रोल-कॉपी नंबर चेक करने के सख्त आदेश हैं।

संबंधित समाचार