अमावस्या पर चित्रकूट में उमड़ा आस्था का सैलाब : मंदाकिनी नदी में 5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया स्नान-परिक्रमा

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

चित्रकूट। उत्तर प्रदेश के पौराणिक एवं ऐतिहासिक तीर्थ स्थल चित्रकूट में अमावस्या के पर्व पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। स्नान-दान-श्राद्ध अमावस्या के अवसर पर पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मंदाकिनी नदी में आस्था की डुबकी लगाई और कामदगिरि की लगभग पांच किलोमीटर लंबी परिक्रमा की। परिक्रमा मार्ग पर दंडवत परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई, वहीं जगह-जगह भंडारों का आयोजन भी किया गया। 

मेला अधिकारी ने बताया कि अमावस्या के मौके पर उत्तर प्रदेश सहित कई अन्य प्रदेशों से श्रद्धालु चित्रकूट पहुंचे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रानी लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन से चित्रकूट तक दो स्पेशल मेला ट्रेनों का संचालन किया गया। मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। उन्होंने बताया कि मेले को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने कैंप स्थापित किए थे।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदाकिनी नदी में गोताखोरों की तैनाती की गई, वहीं परिक्रमा मार्ग और प्रमुख स्थलों पर आकर्षक प्रकाश व्यवस्था की गई थी। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग और पुलिस अधीक्षक पूरे समय मेला क्षेत्र में मौजूद रहे और व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। प्रशासन के अनुसार मेले की व्यवस्था शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित रही।  

संबंधित समाचार