बाराबंकी : नकली बीज आपूर्ति करने पर फर्म पर रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

रामनगर/बाराबंकी: अमृत विचार। जिले में संदिग्ध, डुप्लीकेट खरबूजा बीज आपूर्ति का मामला फिर सामने आया है। जिला कृषि अधिकारी की ओर से स्थानीय थाने में आपूर्तिकर्ता फर्म के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। यूए एग्रो सोल्यूशन के परचेस मैनेजर दिनेश जायसवाल ने शपथ-पत्र देकर बताया कि उनकी फर्म ने 9 जनवरी को मेसर्स चौहान होलसेल ट्रांसपोर्ट नगर लखनऊ से ‘बबी’ प्रजाति का 4.70 किलोग्राम खरबूजा बीज 98,500 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से खरीदा था।

कुल 4,62,950 रुपये का भुगतान ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के माध्यम से किया गया। यह बीज नवीन खुशहाली किसान सेवा केन्द्र, बुढ़वल रामनगर को आपूर्ति किया गया। बीज बिक्री के दौरान पैकेटों पर महीन रैपर अलग से चस्पा पाए जाने पर संदेह उत्पन्न हुआ। इसके बाद जिन किसानों को बीज बेचा गया था, उनसे बीज वापस मंगवाकर धनराशि उनके खातों में वापस कर दी गई।

मामले की जांच संबंधित कंपनी से कराई गई, जिसमें बीज को संदिग्ध बताया गया। 12 फरवरी को नोन-यू सीड के ब्रांच मैनेजर के साथ संयुक्त जांच में केंद्र पर किसानों से वापस लिए गए 59 पैकेट मिले। जांच में पैकेटों पर अलग से रैपर चस्पा मिला।

इनमें से 9 पैकेटों से एक नमूना परीक्षण हेतु लिया गया, जबकि शेष 50 पैकेटों को सील कर केंद्र प्रभारी की सुपुर्दगी में सुरक्षित रखा गया। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि संबंधित आपूर्तिकर्ता फर्म को स्पष्टीकरण देने हेतु नोटिस जारी किया गया, किंतु निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किए गए।

संबंधित समाचार