झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ में शुरू होगी JBC कबड्डी लीग, इसी साल सेशन का पहला मुकाबला
अमृत विचार : झारखंड कबड्डी एसोसिएशन, बिहार राज्य कबड्डी एसोसिएशन और छत्तीसगढ़ कबड्डी एसोसिएशन ने संयुक्त रूप से ‘JBC कबड्डी लीग’ को मंजूरी दे दी है। तीनों संघ एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया (AKFI) से संबद्ध हैं। यह नई राज्य-स्तरीय फ्रेंचाइजी आधारित लीग इसी साल 2026 की पहली छमाही में आयोजित की जाएगी। फिलहाल उद्घाटन सेशन में 5 टीमें हिस्सा लेंगी।
JBC कबड्डी लीग का उद्देश्य झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ में मौजूद जमीनी प्रतिभाओं को एक संगठित और पेशेवर मंच प्रदान करना है। लीग में व्यवस्थित स्काउटिंग प्रक्रिया, खिलाड़ी नीलामी और प्रतिस्पर्धी प्रारूप शामिल होगा।
खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने और बड़े अवसरों तक पहुंचने का मौका मिलेगा। आयोजकों का मानना है कि यह पहल न केवल खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाएगी, बल्कि स्थानीय-क्षेत्रीय स्तर पर खेल प्रतिस्पर्द्धा, संस्कृति और दर्शकों की भागीदारी को भी बढ़ाएगी।
लीग का प्रमोशन भारतीय खेल उद्यमी रणविजय सिंह कर रहे हैं। वे भोजपुरी इंडस्ट्री प्रीमियर लीग (BIPL) के निदेशक हैं और उत्तर प्रदेश कबड्डी लीग (UPKL) की टीम ‘अवध रामदूत्स’ फ्रेंचाइजी मालिक भी हैं- उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय लीग खेल विकास की मजबूत नींव होती हैं और JBC कबड्डी लीग का लक्ष्य कबड्डी को मुख्यधारा में स्थापित करना है।
जमीनी स्तर पर भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए प्रसिद्ध कोच रणधीर सिंह सेहरावत को लीग का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। चार दशकों से अधिक अनुभव रखने वाले सेहरावत अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित हैं और भारतीय कबड्डी में महत्वपूर्ण योगदान दे चुके हैं। आयोजकों को उम्मीद है कि उनके मार्गदर्शन से लीग को नई पहचान मिलेगी।
