सुलतानपुर पुलिस ने अपहृत नाबालिग लड़की को 2 ढाई घंटे के भीतर सकुशल किया बरामद, आरोपी हिरासत में
सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में 15 वर्षीय लड़की का अपहरण होने के बाद पुलिस ने ढाई घंटे के अंदर उसे सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया। यह घटना शुक्रवार शाम सात बजे कुड़वार थाना क्षेत्र के गहरी रवानिया पश्चिम गांव की है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
सुलतानपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) के निर्देश पर अपराधियों की धर-पकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान कुड़वार थाने की पुलिस को 15 वर्षीय लड़की के अपहरण की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही कुड़वार के थानाध्यक्ष अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।
थानाध्यक्ष तरुण पटेल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से गहन तलाशी अभियान चलाकर घटना के मात्र ढाई घंटे के भीतर बालिका को बरामद कर लिया गया। बरामदगी के बाद नाबालिग लड़की को उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
