Uttrakhand: प्ले स्टोर पर खोजा बैंक, साइबर क्रिमिनल ने खाली कर दिया खाता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। गूगल और प्ले स्टोर पर सर्च करना एक बार फिर भारी पड़ गया। पीड़ित ने प्ले स्टोर से बैंक एप डाउनलोड करने की नाकाम कोशिश की। जिसके बाद पीड़ित के मोबाइल पर एक लिंक आया। इस लिंक पर मांगी गई डिलेट पीड़ित ने भर दी और फिर बैंक खाते से रुपए कटने शुरू हो गए। कुछ ही देर में उसका खाती खाली हो गई। साइबर पुलिस स्टेशन रुद्रपुर ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

साईपुरम कमलुवागांजा रोड मुखानी निवासी गौरव तिवारी ने पुलिस को बताया कि बीती 4 फरवरी को उन्होंने प्ले स्टोर से बैंक का एप डाउनलोड करने की कोशिश की। एप डाउनलोड नही हुआ और अगले दिन गौरव के मोबाइल पर टैक्सट मैसेज में एक लिंक आया। 6 फरवरी को गौरव ने लिंक पर क्लिक किया तो उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप पर जोड़ा गया। ग्रुप में एक लिंक दिया गया, जिस पर गौरव ने क्लिक किया तो लिंक उन्हें प्ले स्टोर पर फर्जी योनो एप पर ले गया। 

इस पर जो भी जानकारी मांगी गई, गौरव ने दे दी। उसी शाम मोबाइल पर ओटीपी आने लगे और पहला ट्रांजेक्शन 50 हजार रुपए का हो गया। 6 फरवरी से 7 फरवरी के दरम्यान उनके खाते से 1,87,286.64 रुपए निकाल लिए गए। जालसाज ने उनके खाते से 500 रुपए का भी ट्रांजेक्शन किया। मुखानी थानाध्यक्ष सुशील जोशी ने बताया कि साइबर पुलिस स्टेशन ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

संबंधित समाचार