Uttrakhand: होली पर मुंबई और काठगोदाम के बीच 5 फेरे लगाएगी साप्ताहिक विशेष ट्रेन
हल्द्वानी, अमृत विचार। होली को लेकर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए इज्जतनगर मंडल ने मुंबई से काठगोदाम के बीच साप्ताहिक विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से मुंबई-सेंट्रल–काठगोदाम–मुंबई सेंट्रल साप्ताहिक विशेष ट्रेन कुल 5 फेरों के लिए चलाई जाएगी। ट्रेन 25 फरवरी, 4 मार्च, 11, 18 और 25 मार्च तक प्रत्येक बुधवार को मुंबई सेंट्रल से सुबह 10:55 बजे प्रस्थान करेगी।
ट्रेन बोरीवली, वापी, सूरत, बड़ोदरा, गोधरा, रतलाम, नागदा, कोटा, भरतपुर, मथुरा जंक्शन, कासगंज, बदायूं, बरेली जंक्शन, इज्जतनगर, लालकुआं और हल्द्वानी आदि प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करते हुए अगले दिन दोपहर 2:30 बजे काठगोदाम पहुंचेगी। वापसी में काठगोदाम–मुंबई सेंट्रल साप्ताहिक विशेष ट्रेन 26 फरवरी और 5 मार्च, 12, 19 और 26 मार्च तक प्रत्येक गुरुवार को शाम 5:30 बजे काठगोदाम से चलेगी और मार्ग के प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करते हुए अगले दिन रात्रि 9:00 बजे मुंबई पहुंचेगी।
ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 1 सेकेंड एसी, 5 थर्ड एसी, 8 स्लीपर, 2 सेकेंड सिटिंग और 2 जीएसएलआरडी कोच शामिल हैं। इज्जतनगर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे समय से रिजर्वेशन कराकर यात्रा की योजना बनाएं और अधिकृत माध्यमों से ही टिकट बुक करें।
