रामपुर: गांव डिबडिबा में फायरिंग के मामले में पुलिस ने बारह के खिलाफ दर्ज की रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बिलासपुर, अमृत विचार। क्षेत्र के गांव दिबदिबा में अंधाधुंध फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने महिला की तहरीर पर छह नामजद समेत बारह व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।

गांव निवासी अनीता के अनुसार  फायरिंग की घटना से पहले गुरुवार को आशु ने उनके बेटे रोहित से मारपीट की थी। रोहित ने आशु को उधार दिए अपने 10 हजार रुपये वापस मांगे थे, जिसके बाद आशु ने तमंचे से वार कर रोहित का सिर फोड़ दिया था। उस समय मोहल्ले के कुछ लोगों के कहने पर कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई थी।

आरोप लगाया कि गुरुवार की रात में आशु ने अपने साथियों के साथ मिलकर जान से मारने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग की। इस दौरान अनीता और उनके परिजन बाल-बाल बच गए। उन्होंने घर में घुसकर अपनी जान बचाई और पुलिस को सूचना दी। 

पुलिस की गाड़ी आते देख सभी हमलावर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए। बाद में महिला ने पुलिस को तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की। इस पर प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह ने बताया कि दिबदिबा की परती कॉलोनी निवासी आशु, पंकज और प्रेम, सुभाषनगर कॉलोनी निवासी सनिया, बागवाड़ा रुद्रपुर उत्तराखंड निवासी प्रथम सिंह और रम्पुरा रुद्रपुर उत्तराखंड निवासी वंश के अलावा छह अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

संबंधित समाचार