बोर्ड परीक्षा में लापरवाही पर तीन केंद्रों को चेतावनी, परीक्षा व्यवस्थाओं में मिली खामियां

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: यूपी बोर्ड परीक्षा-2026 के दौरान लापरवाही पाए जाने पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने तीन परीक्षा केंद्रों को कड़ी चेतावनी जारी की है। बप्पा श्री नारायण वोकेशनल इंटर कॉलेज, क्वींस एंग्लो संस्कृत इंटर कॉलेज और नारी शिक्षा निकेतन बालिका इंटर कॉलेज में निरीक्षण के दौरान कई गंभीर खामियां मिलीं।

जांच में पाया गया कि सीटिंग प्लान पर विद्यालय का नाम और पंजीकृत परीक्षार्थियों की संख्या अंकित नहीं थी। केंद्र व्यवस्थापक के हस्ताक्षर और मुहर भी अनुपस्थित थे। परीक्षा कक्षों के ब्लैकबोर्ड ढके नहीं थे तथा संबंधित रजिस्टरों में आवश्यक हस्ताक्षर नहीं मिले। सीसीटीवी कैमरों की दृश्यता खराब पाई गई और निगरानी के लिए प्रयुक्त कंप्यूटर माउस भी कार्यरत नहीं था। आवश्यकता से अधिक शिक्षकों की तैनाती के बावजूद उनकी अद्यतन सूची उपलब्ध नहीं कराई गई।

जिला विद्यालय निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि दोबारा लापरवाही मिलने पर उप्र सार्वजनिक परीक्षा अनुचित साधन निवारण अधिनियम-2024 की धारा 14 के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। मामले की प्रतिलिपि जिलाधिकारी लखनऊ कार्यालय और उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद को भेजी गई है।

संबंधित समाचार