ममता कर रहीं रोहिंग्या-बांग्लादेशियों को नागरिकता दिलाने में मदद: जगन्नाथ सरकार
पश्चिम बंगाल रानाघाट से लोस सदस्य जगन्नाथ सरकार आज थे अपने लखनऊ प्रवास पर
लखनऊ, अमृत विचार: पश्चिम बंगाल के रानाघाट से लोकसभा सदस्य जगन्नाथ सरकार ने एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान के तहत रविवार को अपने लखनऊ प्रवास पर थे। लखनऊ में रह रहे बंगाली समाज के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम में उन्होंने हिस्सा लिया। इस दौरान वह मीडिया से मुखातिब हुए। वीवीआइपी गेस्ट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने ममता बनर्जी पर निशाना साधा, कहा कि बंगाल में ममता बनर्जी फ्लॉप रहीं, जनता को अब विकास करने वाली सरकार चाहिए।
सांसद जगन्नाथ सरकार ने ममता बनर्जी पर रोहिंग्या और बांग्लादेशियों को भारतीय नागरिकता दिलाने में मदद करने और पश्चिम बंगाल को बांग्लादेश बनाने के आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एसआईआर वोटर लिस्ट दुरुस्त करने की चुनाव आयोग की एक सामान्य प्रक्रिया है लेकिन ममता बनर्जी इसका विरोध करती हैं क्योंकि वह घुसपैठियों को मतदाता बनाए रखना चाहती है।
सांसद सरकार ने कहा कि भारत के अलग-अलग राज्यों में रहने वाला बंगाली समाज आगामी विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल पहुंचे और वोट करे। उनके मुताबिक जिनके वोट हैं, वह वोट दें और नहीं हैं तो वह अपने रिश्तेदारों व परिचितों के माध्यम से पश्चिम बंगाल सरकार की नीतियों से आमजन को अवगत कराएं। गोवा, यूपी सहित अन्य राज्यों में जाकर बंगाल समाज के लोगों को जोड़ने की मुहिम तेज की जाएगी। आज पश्चिम बंगाल की अस्मिता खतरे में है। इसके लिए देश ही नहीं विदेश में रहने वाले बंगाली समाज को एकजुट होने की जरूरत है।
मुर्शिदाबाद, मालदा में हो रहे दंगों का भी जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी चरम पर है। आम व्यक्ति का जीना मुश्किल हो गया है। रविंद्र पल्ली में आयोजित संवाद कार्यक्रम के दौरान बंगाली समाज के लोगों से मिलकर आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में पश्चिम बंगाल पहुंचने का भी आह्वान किया। इस दौरान भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, प्रवीण गर्ग, महामंत्री राम अवतार कनौजिया, अभियान प्रदेश सह संयोजक सूरज सिंह सोमवंशी, डिंपल दत्ता, अनुराग साहू मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
