Stock Market Today : मामूली गिरावट के साथ खुले शेयर बाजार, सेंसेक्स और निफ्टी को नुकसान 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

मुंबई। घरेलू शेयर बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी में मंगलवार को शुरुआती कारोबार में करीब एक प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। कारोबारियों के अनुसार, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की शुल्क संबंधी हालिया टिप्पणियों के बाद वैश्विक व्यापार को लेकर नई चिंताओं ने भी निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 813.13 अंक या 0.97 प्रतिशत टूटकर 82,481.53 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 230.15 अंक या 0.89 प्रतिशत फिसलकर 25,482.85 अंक पर आ गया। 

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इटर्नल का शेयर सबसे अधिक 3.82 प्रतिशत टूटा। एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, भारती एयरटेल, बजाज फाइनेंस, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, ट्रेंट, अदाणी पोर्ट्स, आईटीसी और टाइटन के शेयर में भी गिरावट दर्ज की गई। 

वहीं स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, एक्सिस बैंक, पावरग्रिड, एशियन पेंट्स, कोटक महिंद्रा बैंक और टाटा स्टील के शेयर फायदे में रहे। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का एसएसई कम्पोजिट और जापान का निक्की 225 फायदे में जबकि हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट में रहा। 

अमेरिकी शेयर बाजार सोमवार को करीब दो प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव एक प्रतिशत की बढ़त के साथ 72.13 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को लिवाल रहे थे और उन्होंने 3,483.70 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। दूसरी ओर घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 1,292.24 करोड़ रुपये के शेयर की शुद्ध बिक्री की। 

ये भी पढ़ें : 
Stock Market Today :US tariffs में कमी से उछला शेयर बाजार, खुलते ही सेंसेक्स में 600 अंक की बढ़त 

संबंधित समाचार