Uttrakhand: चढ़ा पारा, चटख धूप ने बदन झुलसाना शुरू किया, अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस पहुंचा
मुरादाबाद, अमृत विचार। गर्मी ने अब तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। चटख धूप और तेज गर्म हवा ने गुरुवार को लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर के समय सड़कों पर चहल-पहल कम रही। जो लोग जरूरी काम से बाहर निकले, वह पसीने से तर-बतर नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार दिन का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहा।
सुबह से ही सूरज की तीखी किरणों ने लोगों को गर्मी का अहसास करा दिया था। दिन चढ़ने के साथ तापमान बढ़ता गया। दोपहर में धूप में खड़े रहना भी मुश्किल हो गया। बाजारों और प्रमुख चौराहों पर दोपहर में भीड़ कम रही। लोग सिर ढककर और पानी की बोतल साथ लेकर ही घरों से निकले। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले सप्ताह में गर्मी और बढ़ेगी। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 25 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है। इससे दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी का असर महसूस होगा।
बचाव के लिए बरतें सावधानी
चिकित्सकों का कहना है कि इस बढ़ती गर्मी में लापरवाही स्वास्थ्य पर भारी पड़ सकती है। दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें। जनरल फिजिशियन डॉ. आशीष कुमार सिंह ने बताया कि हल्के और सूती कपड़े पहनें, ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं और धूप में निकलते समय सिर को ढककर रखें। वहीं, पानी की कमी होने पर ओआरएस के घोल का सेवन कर सकते हैं।
ठंडे पेय पदार्थों की बढ़ी मांग
गर्मी बढ़ने के साथ ही बाजार में ठंडे पेय पदार्थों, आइसक्रीम और जूस की मांग में तेजी आ गई है। सड़क किनारे लगे ठेलों पर लोगों ने शरबत, नींबू पानी और ठंडे पेय का आनंद लिया। दुकानदारों का कहना है कि तापमान बढ़ने के साथ बिक्री बढ़ रही है।
