Uttrakhand: वेटर की हैवानियत का शिकार होते-होते बची मासूम बच्ची

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। काशीपुर हाईवे स्थित एक रेस्टोरेंट में आठ साल की मासूम बच्ची को उठाकर वेटर ने हवस का शिकार बनाने का प्रयास किया। गनीमत यह रही कि वेटर के घिनौने इरादों की भनक लग गई और आरोपी की धुनाई कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पिता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई का मुद्दा उठाया। वहीं व्यापारी नेताओं ने घटना की निंदा करते हुए पुलिस से कठोर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बताते चलें कि शहर का एक संभ्रांत परिवार काशीपुर हाईवे स्थित एक रेस्टोरेंट में खाना खाने गया था। सोमवार की रात्रि साढ़े 11 बजे के करीब जब माता-पिता खाना खा रहे थे। तभी आठ साल की बच्ची खेलते-खेलते नजदीक ही खड़े एक ट्रैक्टर पर चढ़ी और स्टेयरिंग से खेलने लगी। इस बीच रेस्टोरेंट पर काम करने वाले अरविंद नाम के वेटर की नजर पड़ी और अपने घिनौनी इरादों को पूरा करने के लिए वेटर ने मासूम को गोद में उठाया और परिसर के किनारे जाकर अश्लील हरकत करने लगा।

जब यह घिनौना मंजर मासूम की बड़ी बहन ने देखा तो तुरंत भाग कर अभिभावकों को घटना की जानकारी दी। इस पर माता-पिता दौड़े पड़े। जिसे देखकर वेटर मासूम को छोड़कर भाग गया और हो हल्ला सुनकर स्थानीय लोग भी आरोपी वेटर को दबोचने के लिए दौड़ पड़े और काफी दूर तक पीछा कर आरोपी वेटर को दबोच लिया और जमकर धुनाई कर डाली। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस कर्मी भी घटनास्थल पहुंचे और अभियुक्त को हिरासत में लिया। मंगलवार की सुबह होते ही व्यापारी नेताओं ने पुलिस से कठोर कार्रवाई का मुद्दा उठाया। वहीं पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। हवस के शिकार से बची मासूम की घटना के बाद जनता में भारी आक्रोश है।

बहन की सूझबूझ से बची वारदात
रुद्रपुर। चश्मदीदों का कहना था कि जिस वक्त रेस्टोरेंट का वेटर मासूम को अपनी हवस का शिकार बनाने का प्रयास कर रहा था। उस वक्त छोटी बहन के साथ बड़ी बहन भी खेलने आ रही थी। जिसे देखकर वेटर ने मासूम की बहन का हाथ पकड़कर खींचने का प्रयास किया, लेकिन बड़ी बहन हाथ छुड़ाकर भागी और माता-पिता से घटना की जानकारी दी। यदि बड़ी बहन घटनाक्रम नहीं बताती तो शायद मासूम वेटर की हवस का शिकार बन सकती थी। यही कारण है कि बड़ी बहन की सूझबूझ के कारण एक बड़ी वारदात बच गई।

रेस्टोरेंट संचालक की भी है लापरवाही
रुद्रपुर। मासूम प्रकरण में जहां पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं रेस्टोरेंट संचालक की भी लापरवाही सामने आई है। बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले ही आरोपी वेटर अरविंद नौकरी पर आया था। जिसका पुलिस सत्यापन नहीं हुआ था और रेस्टोरेंट संचालक ने भी सत्यापन को लेकर कोई गंभीरता नहीं दिखाई। बताया यह भी जा रहा है कि रेस्टोरेंट भाजपा का है और फायर ब्रिगेड से बिना एनओसी के संचालित है। जिसका मामला विचाराधीन भी है।

हिंदूवादी संगठनों ने काटा हंगामा
रुद्रपुर। रेस्टोरेंट के वेटर द्वारा घिनौनी हरकत की भनक लगते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता ने हंगामा काटा। उन्होंने रेस्टोरेंट संचालक के सत्यापन नहीं कराने, मासूम बच्ची के साथ हुई घटना के अभियुक्त पर कार्रवाई करने और दुष्कर्म की घटनाओं पर रोकथाम लगाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने आगाह किया कि यदि जल्द ही पुलिस ने घटनाओं पर कंट्रोल नहीं किया तो आंदोलन किया जाएगा।

संबंधित समाचार