Barabanki Crime News: लाइसेंसी रिवाल्वर समेत हर्ष फायरिंग का आरोपी गिरफ्तार
बाराबंकी, अमृत विचार। चार दिन पूर्व वैवाहिक समारोह में हर्ष फायरिंग का आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। देवा निवासी इस युवक के पास से एक लाइसेंसी रिवाल्वर व 15 कारतूस बरामद किए हैं। उधर गोली लगने से घायल युवक की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। बताते चलें कि सतरिख थाना क्षेत्र के ग्राम सहेलिया निवासी अवधराम यादव की पुत्री की शादी गत गुरुवार को थी। इसी दौरान उनके बेटे का तिलक समारोह भी हुआ।
आयोजन में शामिल होने अवधराम का रिश्तेदार सुनील यादव (45) निवासी ग्राम पलिया मसूदपुर थाना जहांगीराबाद भी आया थे। देर रात भोजन के दौरान अचानक हर्ष फायरिंग में गोली सुनील के सीने के ऊपरी हिस्से से जा धंसी और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
घटना के बाद वहां हड़कंप मच गया, वहीं मौके पर पहुंचे अवधराम ने घायल की पहचान अपने साथी सुनील यादव के रूप में की। परिजनों आनन-फानन में घायल को जिला अस्पताल ले गए पर हालत गंभीर होने पर डाक्टर ने उसे लखनऊ के लिए रेफर कर दिया। इस घटना के बाद से पुलिस फायरिंग करने वाले को सिरे से तलाश रही थी।
इस बीच सतरिख थाना पुलिस ने अरूण पुत्र रमेश यादव निवासी ग्राम कैथी थाना देवा को असैनी मोड के पास से गिरफ्तार कर लिया। इसके कब्जे से समारोह में फायरिंग के लिए प्रयोग की गई लाइसेन्सी रिवाल्वर व 15 अदद जिन्दा कारतूस बरामद किए गए। थानाध्यक्ष सतरिख डीके सिंह ने बताया कि फायरिंग के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानलेवा हमला कर युवक को किया मरणासन्न
महिलाओं के बीच विवाद के बाद आईपीएल कंपनी जा रहे कर्मी को रास्ते में रोककर जानलेवा हमला कर दिया गया। जिससे घायल वहीं बेहोश होकर गिर गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, वहीं घायल को गंभीर दशा में जिला अस्पताल भेजा गया। जानकारी के अनुसार शहर कोतवाली क्षेत्र में मोहल्ला कटरा निवासी रूबी तिवारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 19 फरवरी को बच्चों को लेकर पंकज कुमार की पत्नी से कहासुनी हुई थी।
आरोप है कि विवाद के दौरान पंकज कुमार व उसकी पत्नी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। तहरीर के अनुसार 20 फरवरी की सुबह करीब 8:30 बजे अनिल कुमार तिवारी आईपीएल कंपनी माती काम पर जा रहे थे। जैसे ही वह मेयो अस्पताल के आगे धर्मकांटा के पास पहुंचे, तभी बाइक सवार पंकज कुमार और उसके दो अज्ञात साथियों ने उनकी गाड़ी रोक ली।
आरोप है कि हमलावरों ने लोहे की रॉड से जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया, जिससे वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। राहगीरों की भीड़ जुटते देख हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना पर डायल 112 पुलिस पहुंची। परिजनों ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने सिर और शरीर पर गंभीर चोटें बताई हैं। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश की जा रही।
डीजे बंद कराने पर युवक से मारपीट
विवाह समारोह के दौरान डीजे बंद कराने गए युवक के साथ मारपीट की गई। शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बड़ेल निवासी पार्थ नागमणि 20 फरवरी की देर रात एक मैरिज लॉन में आयोजित एक शादी समारोह में डीजे बंद कराने गए थे। आरोप है कि इस दौरान लड़की पक्ष के दुर्गा प्रसाद, सुमित तथा उनके परिजनों समेत कुछ अज्ञात लोगों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित के अनुसार, मारपीट में उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्होंने अस्पताल में इलाज कराया। सोमवार को पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
