बरेली: सुबह कोहरा, दोपहर में खिली धूप, फिर भी छूट रही कंपकंपी
अमृत विचार, बरेली। जनपद में शीतलहर के बीच सर्दी का प्रकोप जारी है। सोमवार को भी दोपहर तक कोहरे के बीच लोग ठिठुरते रहे लेकिन बाद में धूप खिलने से कुछ राहत मिल गई। सोमवार को न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से 3 …
अमृत विचार, बरेली। जनपद में शीतलहर के बीच सर्दी का प्रकोप जारी है। सोमवार को भी दोपहर तक कोहरे के बीच लोग ठिठुरते रहे लेकिन बाद में धूप खिलने से कुछ राहत मिल गई। सोमवार को न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से 3 डिग्री कम था।
पिछले कई दिनों से बादल छाए रहने से सर्दी हावी है। रविवार रात से ही घना कोहरा छाया रहा। हालांकि 11 बजे के बाद बादलों का सीना चीरकर सूरज निकले तो जिंदगी मुस्कुरा उठी। धूप खिलते ही बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ गई। बीते दिनों के मुकाबले सोमवार के न्यूनतम तापमान में कुछ बढ़ोतरी हुई है।
बीते दिन न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस था, जबकि सोमवार को न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। इसी तरह बीते दिन अधिकतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस था, जबकि सोमवार को अधिकतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। पंत विश्वविद्यालय के मौसम विशेषज्ञ प्रोफेसर डा. आरके सिंह के मुताबिक सोमवार को तापमान में कुछ सुधार हुआ है, लेकिन अभी शीतलहर का प्रभाव बना रहेगा। कोहरा छाया रह सकता है। दोपहर में धूप खिलने की भी संभावना है। 23 दिसंबर तक मौसम स्थिर रहेगा। सुबह शाम कोहरे का सितम जरूर रहेगा, लेकिन दोपहर में धूप खिलने से लोगों को राहत भी मिलेगी।
