बाराबंकी : हिन्दू संगठन से भी जुड़े छांगुर बाबा के तार, पूछताछ जारी
बाराबंकी, अमृत विचार। धर्म परिवर्तन, लव जिहाद दुष्कर्म कर देह व्यापार कराने के जघन्य अपराध को उजागर करने पर डराई, धमकाई जा रही एनजीओ संचालिका को अभी भी धमकियां मिलनी जारी हैं। इस प्रकरण में आरोपियों के छांगुर बाबा से कनेक्शन सामने आ रहे, वहीं एक आरोपी हिन्दू संगठन का पूर्व पदाधिकारी निकला है। पुलिस संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
बताते चलें कि एनजीओ दहेज पर प्रहार की संचालिका युवती एक हास्टल में रहकर पढ़ाई भी करती है। उन्होंने लखनऊ के गोमतीनगर स्थित ब्राउन कैफे से संचालित बताए जा रहे एक गिरोह के खिलाफ धर्म परिवर्तन, लव जिहाद और दुष्कर्म जैसे मामलों में पीड़िताओं की पैरवी की थी। इस संबंध में गोमतीनगर थाने में कई मुकदमा दर्ज हैं, जिनमें एक आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी शेष है।
आरोप है कि 21 फरवरी की रात उसके मोबाइल पर कई अज्ञात नंबरों से कॉल और व्हाट्सएप मैसेज आए। कॉल करने वालों ने जान से मारने, दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो वायरल करने और सहयोगियों को भी नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। इसी दौरान घर की खिड़की पर पत्थर भी फेंके गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की वहीं तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की।
आरोपियों के फरार होने के साथ ही पुलिस की जांच में धमकी देने वाले कई नए चेहरे भी सामने आए हैं, जिनसे पूछताछ की जा रही। मामले में एक नया नाम भी उजागर हुआ, जो हिन्दू संगठन का पदाधिकारी भी रह चुका है। धमकी देने में इंटरनेशनल काल का प्रयोग हुआ, जो छांगुर बाबा के सक्रिय नेटवर्क की ओर इशारा कर रहा। शहर कोतवाल सुधीर सिंह ने बताया कि कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
