उत्तर प्रदेश में अपराधियों का राज, जांच को करते हैं प्रभावित : स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने लगाया आरोप
वाराणसी। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने बुधवार को आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में अपराधियों का शासन है और ऐसे अपराधी आरोप लगाते हैं तथा जांच को प्रभावित भी करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जिन दो व्यक्तियों के कथित यौन शोषण के मामले में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, उनसे उनका (अविमुक्तेश्वरानंद) कोई संपर्क नहीं रहा है।
अविमुक्तेश्वरानंद ने यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए अपने मोबाइल फोन पर एक कथित व्हाट्सएप ग्रुप दिखाया, जिसके बारे में उन्होंने आरोप लगाया कि इसे आशुतोष पांडे नामक व्यक्ति ने बनाया है और जिसमें उनके खिलाफ चल रहे मामले से संबंधित जानकारी साझा की जा रही है।
उन्होंने सवाल किया, '' पुलिस जो भी जांच कर रही है, वह आशुतोष पांडे तक पहुंच रही है। यह किस तरह की जांच है? '' उस समूह से कथित स्क्रीनशॉट दिखाते हुए, संत ने दावा किया कि एक संदेश में कहा गया है कि पांडे ने जांच के दौरान सबूत इकट्ठा करने में पुलिस की सहायता की और तीन दिनों तक जांच दल के साथ रहे।
प्रयागराज में तैनात एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी के साथ पांडे की तस्वीर के एआई द्वारा बनाए जाने के दावों का जवाब देते हुए अविमुक्तेश्वरानंद ने बताया कि यही तस्वीर जन्मदिन की शुभकामनाओं के साथ व्हाट्सएप ग्रुप में भी पोस्ट की गई थी और इसे फेसबुक पर भी अपलोड किया गया था।
उन्होंने कहा, ''यह वही तस्वीर है जो हमने मीडिया को दिखाई थी।'' उन्होंने कहा कि देशभर के संत इस समय चिंतित महसूस कर रहे हैं। अविमुक्तेश्वरानंद ने सवाल किया, '' आज देश के साधु और संत चिंतित हैं। जब एक आपराधिक रिकॉर्ड वाला व्यक्ति शंकराचार्य पर आरोप लगा सकता है, तो उनका क्या होगा? '' उन्होंने दावा किया कि प्राथमिकी में नामित दोनों पीड़ित लंबे समय से आशुतोष पांडे के साथ रह रहे थे।
अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा, ''अगर उन बच्चों के साथ कुछ भी गलत हुआ है, तो यह उन्हीं लोगों ने किया होगा जो उनके साथ थे। हमारा उनसे कोई संपर्क नहीं था।'' उन्होंने कहा, ''अगर कोई कहानी बनाना चाहता है, तो वे कुछ भी बना सकते हैं।'' इस बीच, प्रयागराज में आशुतोष पांडे ने कहा कि उनके पास इस मामले में पर्याप्त सबूत हैं।
पांडे ने आरोप लगाया कि अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती उत्तर प्रदेश पुलिस पर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं और कांग्रेस शासित राज्यों की पुलिस से जांच कराने की मांग कर रहे हैं। पांडे ने कहा, ''हमारे पास उनके खिलाफ पर्याप्त सबूत हैं। यहां तक कि दुनिया की सबसे सक्रिय पुलिस भी अगर जांच करेगी तो उन्हें बचा नहीं पाएगी।''
प्रयागराज में 21 फरवरी को अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और उनके शिष्य मुकुंदानंद ब्रह्मचारी के खिलाफ पिछले एक साल में एक गुरुकुल और धार्मिक सभाओं में एक नाबालिग सहित दो व्यक्तियों के साथ यौन दुर्व्यवहार के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामला दर्ज होने के कुछ दिनों बाद, सरस्वती ने सोमवार को कहा था कि वह अपनी गिरफ्तारी का विरोध नहीं करेंगे और जोर देकर कहा था कि "मनगढ़ंत कहानी" का पर्दाफाश देर-सवेर हो ही जाएगा।
