मुरादाबाद: आयकर टीम की 15 घंटे तक चली जांच, कई दस्तावेज जब्त
मुरादाबाद, अमृत विचार। आयकर विभाग के निशाने पर आए हरसहाय मल श्यामलाल ज्वेलर्स के मालिक व कारोबारी सतीश प्रकाश अग्रवाल से कड़ी पूछताछ की गई है। शोरूम पर सुबह पौने नौ बजे टीम पहुंची और देर रात तक जांच जारी रही। शोरूम के चार्टर्ड अकाउंटेंट, प्रबंधक व कर्मचारियों को भी उन्होंने सवालों के घेरे में …
मुरादाबाद, अमृत विचार। आयकर विभाग के निशाने पर आए हरसहाय मल श्यामलाल ज्वेलर्स के मालिक व कारोबारी सतीश प्रकाश अग्रवाल से कड़ी पूछताछ की गई है। शोरूम पर सुबह पौने नौ बजे टीम पहुंची और देर रात तक जांच जारी रही। शोरूम के चार्टर्ड अकाउंटेंट, प्रबंधक व कर्मचारियों को भी उन्होंने सवालों के घेरे में लिया। शोरूम के एक कर्मचारी की मानें तो इस टीम ने लैपटाप, कंप्यूटर की डिस्क और पेनड्राइव में पूरा डाटा एकत्र किया है। इस साल के अलावा पिछले करीब तीन से पांच साल की इनकम का पूरा डाटा जब्त किया गया है।
इन पांच सालों में उन्होंने कितनी और क्या क्या प्रापर्टी खरीदी। कितना भुगतान किया। नगदी का कितना इस्तेमाल किया गया। जो प्रापर्टी व निजी तौर पर सोने चांदी में खर्च हुआ, उसकी भी पूरी जांच की गई। दस्तावेज में गड़बड़ी नजर आते ही उसे जब्त कर लिया गया। सूत्रों की मानें तो 50 करोड़ से भी ज्यादा का कर चोरी का मामला खुल सकता है। इतना कर घोटाला मात्र एक शोरूम का बताया जा रहा है, हालांकि इनकम टैक्स अधिकारियों ने इस पर कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया।
उनका कहना है कि जांच चल रही है। पूरी होने के बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचेंगे। शोरूम में चार्टर अकाउंटेंट को तो घेरे में लिया ही, साथ ही मालिक और सीए के बयानों को क्रास चेक भी किया गया। शोरूम में 85 कर्मचारी बताए जाते हैं। सभी के वेतन खर्च की पूछताछ की गई। इसे क्रास चेक भी किया गया। सालाना मुनाफा, खर्चा, आमदनी को जांचा गया। साल भर में स्टाक और सामान पर कितना खर्च किया। कितनी बिक्री की और कितना मुनाफा कारोबारी पाए। इसके साथ ही प्रतिदिन कितने का कारोबार जब्त किया जाता है।
पांच साल में हर साल का पूरा डाटा लिया गया। एक साल में कितना कारोबार रहता है और उसके सापेक्ष खर्च की भी डिटेल ली गई। जो टीम जांच कर रही थी, उसने लखनऊ, बदायूं और बरेली में जांच कर रही टीम से भी सामंजस्य बनाते हुए कार्रवाई को और सख्त किया। कारोबारी के घर पर भी अधिकारियों ने छापा मारा। सूत्रों की मानें तो करोड़ों के कर चोरी पर लंबी पूछताछ की गई है। सोमवार को पूरे दिन इसकी पड़ताल से ज्वेलर्स व्यापारियों में खलबली मची रही।
छापे से बड़े कारोबारियों में हड़कंप
शहर के बड़े ज्वेलर्स शोरूम पर छापे से बड़े कारोबारियों में हड़कंप मच गया। बड़े अस्पताल से लेकर बड़े निर्यातकों में भी काफी खलबली मची रही। अधिकारियों का अगल रुख शहर में और कोई बड़ा अधिकारी व उसकी कंपनी तो नहीं है, इस बात से कारोबारी परेशान रहे। इससे पहले की आयकर विभाग उनकी फैक्ट्री या शोरूम का दरवाजा खटखटाए, उन्होंने इसपर तैयारी शुरू कर दी।
शोरूम आ रहे ग्राहकों को लौटाया
ज्वेलर्स शोरूम को सुबह पौने नौ बजे ही सीज कर दिया गया था। उसके बाद शोरूम में ग्राहकों का प्रवेश भी बंद करवा दिया गया। शोरूम के मालिक व कर्मचारियों के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए गए थे। पुलिस के दो जवानों को गेट पर ही पहरे के लिए बैठा दिया गया। इस दौरान जो भी ग्राहक आए उन्हें लौटा दिया गया। जांच के दौरान आठ घंटे में करीब 25 ग्राहकों को पुलिस ने लौटाया। इसमें अधिकांश महिलाएं थी। कुछ ग्राहकों की पुलिस कर्मियों से हल्की बहस भी हुई। हालांकि जब उन्होंने रेड पड़ने की जानकारी पाई तो फिर वे वापस हो गए।
सर्राफा कारोबारी नेता पहुंचे, पुलिस ने रोका
शहर के बड़े शोरूमों में से एक हर सहायमल श्यामलाल ज्वेलर्स शोरूम में आयकर विभाग की छापेमारी की खबर जैसे ही शहर में उड़ी, ज्वेलर्स कारोबारी रचित प्रकाश अग्रवाल से जुड़े कारोबारी भी शोरूम आने लगे। इसी दौरान सर्राफा कमेटी के उपाध्यक्ष अजय कट्टा और कार्यकारिणी के सदस्य निशांत अग्रवाल शोरूम करीब 12 बजे पहुंचे। उन्होंने व्यापारी की तबियत खराब होने की बात कही और इस दौरान शोरूम में जाने की जिद की। पुलिस गेट से नीचे उतर आई औरदोनों कारोबारी नेताओं को वापस कर दिया।
अफवाह उड़ी तो गार्ड सचेत हुए
नकली आयकर अधिकारियों को लेकर एक अफवाह उड़ी तो गार्ड भी सचेत हो गए। हर सहायमल ज्वेलर्स शोरूम के एक गार्ड ने पुलिस से भी इन अधिकारियों की जानकारी ली। जिसमें जब उन्हें पता चला कि उनकी पहचान को जांचा जा रहा है। गार्ड ने भी अपनी रायफल तैयार कर ली। बोला नकली निकले अधिकारी तो तान दूंगा रायफल।
घंटों नकदी की होती रही गिनती
शोरूम सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नगदी को गिनने के लिए नोट काउंटिंग मशीन को भी मंगाया गया। चार सदस्यों की टीम ने नोटों की गिनती भी की। इस दौरान कैमरे को भी चालू रखा गया। कैमरे की निगहबानी में यह कार्रवाई की गई। इस दौरान कितनी नगदी जब्त की गई, इसको ओपन नहीं किया गया है।
टीडीआई सिटी और फार्महाउस पर भी डाला डेरा
आयकर विभाग की करीब छह सदस्यीय टीम ने टीडीआई सिटी स्थित रचित प्रकाश अग्रवाल की कोठी पर भी रेड मारी। उसके बाद वहां से जब उन्हें फार्म हाउस की जानकारी मिली तो गागन वाली मैनाठेर पर पहुंचे। आयकर विभाग के अधिारियों ने प्रापर्टी को जांचा। कितनी बड़ी प्रापर्टी है, इसका पूरा लेखा जोखा तलब किया। उसको कब्जे में भी लिया गया। इस दौरान जो गार्ड वहां मौजूद थे, उनके फोन भी जब्त कर लिए गए। फार्म हाउस पर कितना खर्च हुआ, इसका भी ब्योरा लिया गया। बताया जाता है कि हाल ही में फार्म हाउस के लिए यह जमीन खरीदी गई थी। उसमें कितना पैसा दिया गया है। विभागीय सूत्रों की माने तो इस जमीन में कर चोरी का करोड़ों रुपये भी प्रयोग में लाए गए हैं। जमीन कितने की है, उसके कागजात भी कब्जे में लिए गए हैं। एक आयकर अधिकारी ने बताया कि जमीन के सारे कागजात जमा कर लिए गए हैं। उनकी पड़ताल की जाएगी। कितना खर्च किया है और इसमें कर चोरी का रुपया कितना शामिल किया गया। इन सब की जांच होने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
आयकर विभाग की निगरानी में रही गार्ड की गतिविधि
-आयकर टीम के छापे के दौरान शोरूम के बाहर तैनात गार्ड पर टीम ने पूरी निगेहबानी रखी। निगरानी में पुलिस के दो जवानों को भी निर्देशित कर दिया गया। उसके बाद गार्ड की हर गतिविधि पर नजर रखी गई। गार्ड ने किसको फोन किया, कब फोन किया। हालांकि गार्ड का मोबाइल भी जब्त कर लिया गया था, पर गार्ड ने किसी अन्य के फोन के माध्यम से कई बार कॉल कर बातचीत की। इसपर अधिकारियों ने उन्हें टोका भी।
आयकर से जुड़ा मामला है। इसकी जांच चल रही है। इस मामले में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है।- उदयवीर सिंह, संयुक्त आयुक्त, आयकर विभाग
