होली से पहले बढ़ी गैस सिलेंडर की वेटिंग: डिलीवरी में लग रहा एक हफ्ता, कालाबाजारी पर रोक नहीं
लखनऊ, अमृत विचार : होली के त्योहार पर मांग बढ़ने से घरेलू गैस सिलेंडर की वेटिंग बढ़ गई है। पहले बुकिंग के दूसरे दिन सिलेंडर मिल जाता था, अब करीब एक हफ्ते का समय लग रहा है। होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई की दुकानों पर घरेलू सिलेंडर की खपत ने वेटिंग बढ़ा दी है, जिससे आम उपभोक्ता परेशान हैं। वहीं आपूर्ति विभाग के जिम्मेदार अधिकारी गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए कार्यालय से बाहर बाजारों में जाने की जहमत तक नहीं उठा रहे। त्योहार पर गैस सिलेंडर की घटतौली और कालाबाजारी रोकने के लिए आपूर्ति विभाग ने छापेमारी करना तो दूर टीमें तक गठित नहीं की हैं। ऐसे में जरूरतमंद उपभोक्ताओं को त्याेहार पर गैस सिलेंडर की किल्लत झेलनी पड़ सकती है।
व्यावसायिक सिलेंडर की जगह घरेलू की ज्यादा खपत
होली के त्योहार पर होटलों, रेस्टोरेंट, मिठाई की दुकानों से लेकर फैक्ट्रियों में मिठाइयां, गुझिया, नमकीन, खोवा, पापड़ आदि बनाने के लिए एक हफ्ते पहले काम शुरू हो जाता है। प्रतिष्ठानों में 19 किलो का व्यावसायिक गैस सिलेंडर दिखाने के लिए रहता है लेकिन इस्तेमाल अधिकतर 14.2 किलो के घरेलू सिलेंडर का होता है। अधिक मुनाफे के चक्कर में गैस एजेंसियों के हॉकर घरेलू सिलेंडर की होटलों आदि में आपूर्ति बढ़ा देते हैं, जिससे आम ग्राहक को लंबा इंतजार करना पड़ता है।
आधे रेट पर मिल जाता है घरेलू सिलेंडर
होटलों और रेस्टोरेंट आदि में घरेलू सिलेंडर का इस्तेमाल फायदे का सौदा है। कॉमर्शियल के मुकाबले घरेलू सिलेंडर आधे दाम में पड़ता है। 19.2 किलो का कॉमर्शियल गैस सिलेंडर करीब 1812.50 रुपये का है वहीं 14.2 किलो का घरेलू गैस सिलेंडर 840.50 रुपये में मिल जाता है। कॉमर्शियल के मुकाबले घरेलू सिलेंडर में 5 किलो अतिरिक्त गैस का दुकानदारों को दोगुना दाम चुकाना पड़ता है। होम डिलीवरी का कोई अतिरिक्त चार्ज नहीं, लेने जाएंगे तो मिलेगी छूट
गैस एजेंसियां शत प्रतिशत होम डिलीवरी का दावा करती हैं। इसके लिए ग्राहक को कोई अतिरिक्त चार्ज नहीं देना होता है।
यदि ग्राहक स्वयं गैस सिलेंडर लेने जाता है तो उसे एजेंसी से होम डिलीवरी न करने पर निर्धारित धनराशि की छूट मिलती है। घर पर सिलेंडर की डिलीवरी लेते समय सील अवश्य चेक करें और घटतौली का संदेह होने पर तौल कर ही सिलेंडर लें। घरेलू गैस सिलेंडर की होटलों और रेस्टोरेंट सहित अन्य व्यावसायिक कार्यों के लिए प्रयोग करना गलत है। होटलों और रेस्टारेंट के लिए 19 किलो का व्यावसायिक सिलेंडर है। प्रतिष्ठानों की टीम जांच करेगी और उल्लंघन पाये जाने पर कार्रवाई करेगी। यह भी देखा जाएगा कि त्योहार के समय व्यावसायिक सिलेंडर की खपत कितनी बढ़ी।-ज्योति गौतम, एडीएम (आपूर्ति)
ये भी पढ़ें :
म्यूजियम में दिखेगा अवध की संस्कृति का संगम: 1 मार्च को होगा लखनऊ म्यूजियम ऑफ हेरिटेज एंड आर्ट का लोकार्पण
