वाराणसी कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी, बार काउंसिल सदस्य को SMS भेजकर धमकाया, जांच में जुटी पुलिस प्रशासन

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के विभिन्न न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामले में बार काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य श्रीनाथ त्रिपाठी को मोबाइल पर एसएमएस भेजकर जान से मारने और कचहरी परिसर को उड़ाने की धमकी दी गई है। त्रिपाठी ने बताया कि गुरुवार सुबह जब उन्होंने अपना मोबाइल चेक किया, तो एक अज्ञात नंबर से संदेश मिला।

संदेश में लिखा था, "कचहरी को बम से उड़ा देंगे और तुम्हें भी।" इसकी गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तत्काल पुलिस प्रशासन और जिला जज को सूचित किया। त्रिपाठी ने मांग की है कि पुलिस प्रशासन गहराई से जांच करे, क्योंकि यह धमकी न केवल उनके व्यक्तिगत जीवन बल्कि पूरे कचहरी परिसर की सुरक्षा से जुड़ी है। सहायक पुलिस आयुक्त (कैंट) नितिन तनेजा के नेतृत्व में भारी पुलिस बल, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुँच गया। पूरे कचहरी परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। 

पुलिस और साइबर सेल उस मोबाइल नंबर और स्थान (लोकेशन) को ट्रेस करने में जुटी है, जिससे संदेश भेजा गया था। गौरतलब है कि इससे पहले भी जिला जज को ईमेल के जरिए कचहरी उड़ाने की धमकी दी गई थी। एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि क्या इन दोनों घटनाओं के तार आपस में जुड़े हैं। स्थानीय पुलिस के साथ-साथ खुफिया एजेंसियां भी संदेश भेजने वाले की पहचान करने में जुट गई हैं।

ये भी पढ़ें : 
सभी तहसील-ब्लॉक मुख्यालयों पर लागू हो ई-ऑफिस प्रणाली: समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव के निर्देश, लापरवाही स्वीकार नहीं

संबंधित समाचार