तकनीक की रफ्तार में भविष्य और नज़दीक, SCMaglev की सवारी कर बोले सीएम योगी
लखनऊ, अमृत विचार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापान दौरे के दौरान निवेश और औद्योगिक सहयोग के साथ-साथ आधुनिक परिवहन प्रणालियों की संभावनाओं का भी प्रत्यक्ष अनुभव किया। उन्होंने गुरुवार को यामानाशी प्रांत में दुनिया की अत्याधुनिक सुपरकंडक्टिंग मैग्लेव हाई-स्पीड ट्रेन की सवारी की, जो परीक्षण के दौरान 500 किलोमीटर प्रतिघंटा तक की रफ्तार हासिल करती है।
मुख्यमंत्री ने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इतनी तेज गति के बावजूद ट्रेन बेहद स्थिर, सुरक्षित और आरामदायक रही। उन्होंने इसे भविष्य की परिवहन व्यवस्था की झलक बताया और कहा कि जब तकनीक इस गति से आगे बढ़ती है, तो भविष्य पहले से कहीं अधिक निकट महसूस होता है।
मुख्यमंत्री ने जापान की नवाचार-आधारित सोच और दीर्घकालिक इंफ्रास्ट्रक्चर विजन की सराहना करते हुए कहा कि सुपरकंडक्टिंग मैग्लेव केवल गति का प्रतीक नहीं, बल्कि स्वच्छ, ऊर्जा-कुशल और सटीक मोबिलिटी सिस्टम का उत्कृष्ट उदाहरण है।
मुख्यमंत्री ने यह भी रेखांकित किया कि जापान का यह मॉडल कार्बन उत्सर्जन में कमी, परिचालन दक्षता और यात्रियों की सुरक्षा तीनों के लिहाज़ से वैश्विक मानक स्थापित करता है। ऐसे अनुभव उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मोबिलिटी, हाई-स्पीड कनेक्टिविटी और भविष्य उन्मुख इंफ्रास्ट्रक्चर की योजनाओं को दिशा देने में सहायक होंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रीन एनर्जी, हाई-स्पीड ट्रांसपोर्ट और इंडस्ट्रियल इनोवेशन से जुड़े वैश्विक सर्वश्रेष्ठ अभ्यासों को अपनाने के लिए सक्रिय रूप से अध्ययन कर रही है। यामानाशी में सुपरकंडक्टिंग मैग्लेव का अनुभव प्रदेश के लिए तकनीकी सहयोग की नई संभावनाएं खोलता है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, जापान के उन्नत परिवहन मॉडल से सीख लेकर प्रदेश में टिकाऊ, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन ढांचा विकसित करने पर जोर दिया जाएगा। यह पहल निवेश आकर्षण के साथ-साथ नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी अहम होगी।
माउंट फूजी को देखना सांस्कृतिक विरासत को नमन
यामानाशी प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्व-प्रसिद्ध माउंट फूजी का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि जापान का यह सर्वोच्च पर्वत शिखर दृढ़ता, अनुशासन और आध्यात्मिक संतुलन का प्रतीक है। एक उजले-साफ दिन में माउंट फूजी को देखना उनके लिए विशेष सौभाग्य का क्षण रहा। मुख्यमंत्री ने जापान की समृद्ध परंपराओं, प्राकृतिक वैभव और अनुशासित समाज की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
ये भी पढ़ें :
प्रदेश व्यापी आंदोलन की तैयारी में बिजली इंजीनियर, निजीकरण-उत्पीडन करने वाले अफसरों पर FIR, समिति बैठक में फैसला
