Rampur : दो प्लाईवुड फैक्ट्रियों पर आयकर विभाग का छापा, खंगाले दस्तावेज
पूर्व सांसद एसटी हसन के समधी नईम खान की है प्लाईवुड की फैक्ट्री
रामपुर, अमृत विचार। गुरुवार को आयकर विभाग दिल्ली की टीम ने रामपुर में नैनीताल हाईवे स्थित दो प्लाईवुड फैक्ट्रियों पर छापामार कार्रवाई की है। ये फैक्ट्री मुरादाबाद के पूर्व सांसद और सपा नेता एचटी हसन के समधी नईम खां और उनके पार्टनर मुनन खां की हैं। सीआरपीएफ के जवानों के साथ पहुंची आयकर विभाग की टीम ने सुबह करीब साढ़े दस बजे फैक्ट्री में छानबीन शुरू की, जो देर रात तक चलती रही। आयकर विभाग टीम ने दोनों के आवासों पर भी डेरा डाला है।
गुरुवार सुबह 10 बजे आयकर विभाग दिल्ली की टीम करीब 10 से ज्यादा गाड़ियों में नैनीताल रोड स्थित नईम खां व पार्टनर मुनन खां की दोनों प्लाईवुड फैक्ट्री पहुंची। इसके साथ एक टीम मोहसिन ए आजम कॉलोनी स्थित नईम खान व शौकत अली रोड स्थित मुनन खां के आवासों पर पहुंच गई। मुनन खां औार नईम खान दोनों पार्टनरशिप में फैक्ट्री चलाते हैं। दोनों के आवासों पर आयकर विभाग दिल्ली की टीमों ने डेरा डाला हुआ है। छापेमारी के दौरान फैक्ट्री में अफरातफरी का माहौल हो गया। आयकर विभाग के अधिकारियों ने फैक्ट्री के कर्मचारियों से पूछताछ की। टीम कारोबारी के वित्तीय लेनदेन, कंप्यूटर, खातों की लगातार जांच कर रही है। किसी को भी अंदर या बाहर आने की अनुमति नहीं दी गई है। फैक्ट्री और दोनों पार्टनरों के आवासों पर एक साथ छापामार से हड़कंप मच गया।
मुरादाबाद के पूर्व सांसद एसटी हसन की बेटी का निकाह नईम खान के बेटे से हुआ है। जबकि मुनन खान की बेटी की शादी नईम के दूसरे बेटे के साथ हुई है। यानी, नईम और मुनन भी समधी हैं। कोतवाली इलाके के बगी गांव में एमएन इंडस्ट्री के नाम से पार्टनरशिप में दो फर्नीचर फैक्ट्री है। दोनों फैक्ट्री आसपास हैं। आयकर टीम पहले दोनों फैक्ट्री पहुंची। वहां सीआरपीएफ को गेट में तैनात करके गेट लॉक कर दिया। कुछ ही देर बाद आयकर टीम मोहसिन-ए-आजम कॉलोनी स्थित नईम की कोठी और शौकत अली रोड स्थित मुनन की कोठी पर पहुंची। टीम ने परिवार के सदस्यों को बाहर निकलने से मना कर दिया। टीम अंदर जांच कर रही है। आयकर विभाग ने छापेमारी से जुड़ी हुई कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। आयकर विभाग की टीमें फैक्ट्री से जुड़े दस्तावेज, खातों और लेनदेन की जांच कर रही हैं। चर्चा है कि कार्रवाई वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामले में की जा रही है। देर रात तक आयकर विभाग की कार्रवाई चलती रही।
