UP : इंतजार खत्म...गोकुल प्रसाद मौर्य नए भाजपा जिलाध्यक्ष, एक साल से टल रही थी घोषणा, 28 नेताओं ने की थी दावेदारी
पीलीभीत, अमृत विचार। भाजपा जिलाध्यक्ष पद पर ताजपोशी का इंतजार आखिरकार खत्म हुआ। 27 दावेदारों को पछाड़ते हुए संगठन की कसौटी पर गोकुल प्रसाद मौर्य खरे साबित हुए। होली से पूर्व घोषणा हुई और अब नए जिलाध्यक्ष भाजपा गोकुल प्रसाद मौर्य होंगे।
बता दें कि भाजपा जिलाध्यक्ष पद पर संजीव प्रताप सिंह छह साल का सफल कार्यकाल पूरा कर गए। उनके कार्यकाल में भाजपा ने चुनावों में बेहतर प्रदर्शन किया। इसके बाद बीते साल की शुरुआत में राजनीति उस वक्त गरमा गई थी जब सत्ताधारी भाजपा में नए जिलाध्यक्ष को लेकर चुनाव प्रक्रिया शुरू की गई। कुल 28 दावेदारों ने इस पद के लिए आवेदन किया। नामांकन कराने वालों में गुरभाग सिंह, लेखराज भारती, राजेंद्र प्रसाद कश्यप, रेखा सिंह परिहार, दीपक कुमार अग्रवाल, डालचंद्र वर्मा, आयुष मिश्रा, सुषमा देवी, अलंकार शर्मा, तुलाराम लोधी, कमलेश कुमार गंगवार, सतनाम सिंह, सोनू वाल्मीकि, रजनीश पांडेय, गोकुल प्रसाद मौर्य, दिनेश पटेल, अमित वाल्मीकि, मनोज कुमार गुप्ता, नागेंद्र प्रताप सिंह, धीरेंद्र मिश्रा , संजीव मोहन अग्रवाल, प्रफुल्ल मिश्रा, रेनू राज, हेमराज दिवाकर, संतराम राठौर, शरदपाल सिंह, महादेव गाईन, अमित अग्रवाल आदि थे। साल 2025 पूरा निकल गया और अब होली से पूर्व घोषणा तय मानी जा रही थी। कई नेता अपनी ताजपोशी तय मान रहे थे तो कुछ ने हाथ खींच लिए थे। लखनऊ से दिल्ली तक दौड़ भी रही । मगर होली से चंद दिन पहले ही घोषणा कर दी गई । अब नए भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य होंगे। वह शुरुआत से ही प्रबल दावेदारों में शुमार रहे और संगठन ने भी इन पर विश्वास जताया है। बता दें कि गोकुल प्रसाद मौर्य करीब पांच बार भाजपा के जिला उपाध्यक्ष और छह बार से सभासद भी है। डीसीडीएफ के चेयरमैन भी है।
