अयोध्या में होली-रमजान-नवरात्रि से पहले बड़ा संदेश: अफवाह फैलाने वालों पर सख्ती, शांति कमेटी ने दी एकजुटता की अपील

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

अयोध्या, अमृत विचार: पर्व व त्योहारों को लेकर गुरुवार को केंद्रीय शांति कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी निखिल टी. फुंडे ने कहा कि अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने कहा कि सोशल मीडिया के साथ संवेदनशील स्थलों की निगरानी सीसीटीवी कैमरे से की जाएगी।

पुलिस लाइंस स्थित आरटीसी सभागार में त्यौहार होलिका दहन,होली, रमजान माह, नवरात्रि, ईद उल फितर आदि को सकुशल संपन्न कराने के लिए डीएम और एसएसपी की सयुंक्त अध्यक्षता में आयोजित सेन्ट्रल पीस कमेटी की बैठक में विस्तृत चर्चा की गई।

डीएम ने गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं और समिति के सदस्यों से अपील की कि कि सभी त्यौहार आपसी भाईचारे, सद्भाव एवं समन्वय के साथ मनाए जाएं। जिले की गंगा-जमुनी तहजीब एवं सामाजिक एकता को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। एसएसपी ने कहा कि त्यौहारों के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। सभी से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान किया।

बैठक में नगर क्षेत्र और ग्रामीण क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने अपने सुझाव व समस्याएं रखी। इनके त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया गया।साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, यातायात व्यवस्था एवं प्रकाश व्यवस्था आदि के संबंध में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में एडीएम सिटी, एडीएम प्रशासन, एसपी ग्रामीण, सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी सहित सेन्ट्रल पीस कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।

 

संबंधित समाचार