Moradabad: असद की हत्या में आलमगीर व फैजान गिरफ्तार, भेजा जेल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। थाना नागफनी क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम संपत्ति विवाद में कारोबारी असद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। शनिवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। साले मजाहिर हुसैन की तहरीर पर थाना नागफनी पुलिस ने जफर हुसैन पुत्र मुजफ्फर हुसैन, सैफुल, हुसैन, आलमगीर, मोहम्मद फैजान तथा एक अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।

शनिवार को थाना नागफनी प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि वारदात के समय मजाहिर हुसैन बहनोई असद के साथ मौजूद थे। तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों का गठन किया गया और रात में संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आलमगीर और मुख्य आरोपी जफर के दामाद मोहम्मद फैजान को काली माता मंदिर के समीप घटिया स्थान से गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। 

पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि मृतक असद और जफर के बीच संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस का मानना है कि इसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि फरार चल रहे अन्य चार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

संबंधित समाचार