UP: आयकर टीम को दोनों प्लाईवुड फैक्ट्रियों में हुए 60 घंटे से ज्यादा
रामपुर, अमृत विचार। आयकर विभाग दिल्ली की टीम को थाना गंज क्षेत्र के बगी औद्योगिक क्षेत्र स्थित एमएन इंडस्ट्री के नाम की दोनों प्लाईवुड फैक्ट्रियों में डेरा डाले हुए करीब 60 धंटे बीत चुकी हैं। ऐसे में अब बड़ी कार्रवाई की आहट हो रही है, टीम को सर्वे में खामी का अंदेशा है। ऐसे में रामपुर शहर में ये बड़ी चर्चा का विषय बन गया है, क्योंकि फैक्ट्री में आने-जाने पर पूर्ण पाबंदी है, ऐसे में कार्रवाई को लेकर आयकर टीम का आधिकारिक बयान का इंतजार है।
दोनों फैक्ट्री मुरादाबाद के पूर्व सांसद और सपा नेता एचटी हसन के समधी नईम खां उर्फ बब्लू और उनके पार्टनर मुनन खां की हैं। आयकर विभाग दिल्ली की टीम ने गुरुवार सुबह करीब दस बजे दोनों फैक्ट्री में सर्वे शुरू किया था। गुरुवार के बाद शुक्रवार और अब शनिवार का दिन भी बीत गया। शनिवार देर रात तक टीम प्लाईवुड फैक्ट्री में मौजूद है और छानबीन जारी है। आयकर विभाग टीम को 60 घंटे से ज्यादा हो गए हैं। ऐसे में बड़ी कार्रवाई की ओर अंदेशा है। मामला बड़े स्तर पर गड़बड़ी का हो सकता है।
क्योंकि नईम खान उर्फ बब्लू और मुनन खां शहर के रसुखदार माने जाते हैं और लकड़ी के बड़े कारोबारियों में शुमार है। गुरुवार को दोनों के आवासों पर भी छानबीन की थी, लेकिन शुक्रवार को घरों से आयकर विभाग की टीम चली गई थी। आयकर विभाग दिल्ली की टीम करीब 10 से ज्यादा गाड़ियों में नईम खां उर्फ बब्लू व पार्टनर मुनन खां की दोनों प्लाईवुड फैक्ट्री पहुंची थी। इसके साथ एक टीम मोहसिन ए आजम कॉलोनी स्थित नईम खान व शौकत अली रोड स्थित मुनन खां के आवासों पर पहुंची थी। लेकिन शुक्रवार को टीम आवास से फैक्ट्री चली गई। हालांकि टीम आवास से कुछ दस्तावेज लेकर निकली है।
नईम खान उर्फ बब्लू और मुनन खां दोनों पार्टनरशिप में प्लाईवुड की फैक्ट्री चलाते हैं। आयकर विभाग के अधिकारी फैक्ट्री कर्मचारियों से लगातार पूछताछ कर रही हैं। जबकि मजदूरों और मालिकों के मोबाइल तक टीम ने अपने कब्जे में ले रखे हैं। टीम कारोबारी के वित्तीय लेनदेन, कंप्यूटर, खातों की लगातार जांच कर रही है। किसी को भी अंदर या बाहर आने की अनुमति नहीं दी गई है। मुरादाबाद के पूर्व सांसद एसटी हसन की बेटी का निकाह नईम खान के बेटे से हुआ है। जबकि मुनन खान की बेटी की शादी नईम के दूसरे बेटे के साथ हुई है। नईम और मुनन भी आपस में समधी हैं।
