Bareilly : होली पर घर पहुंचने की जद्दोजहद...ट्रेनों में भीड़ बढ़ने से हालात बदतर
बरेली, अमृत विचार। होली में 2 दिन का समय बचा है ऐसे में लोगों में घर पहुंचने के लिए जद्दोजहद जारी है। इसका असर ट्रेनों में देखने को मिल रहा है। ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। जनरल और स्लीपर कोच में यात्रियों को सीट नहीं मिल रही है।
होली का त्योहार 4 मार्च को मनाया जाएगा। अवकाश होने के बाद लोगों ने घर पहुंचना शुरू कर दिया है। डाउन की ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। दिल्ली-बिहार जाने वाली ट्रेनें फुल चल रही हैं। जनरल कोच के साथ स्लीपर कोच में भी यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा रही है। नियमित ट्रेनों में बुकिंग बंद कर दी गई है जबकि होली स्पेशल ट्रेनों में सीट खाली हैं। रविवार को बरेली जंक्शन, बरेली सिटी और इज्जत नगर स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ रही।
ट्रेन में सीट पाने के लिए यात्री मारा-मारी करते दिखे। रेलवे प्रशासन की तरफ से यात्रियों की सुविधा के लिए रविवार को गाड़ी नंबर 05071 05072 छपरा आनंद विहार टर्मिनल छपरा वाया गोरखपुर होली विशेष गाड़ी का संचालन करने का फैसला लिया है। यह गाड़ी बरेली से होकर गुजरेगी। इसके अलावा गाड़ी नंबर 05741 05742 किशनगंज लाल कुआं किशनगंज वाया गोरखपुर होली विशेष गाड़ी का संचालन 5 मार्च से 26 मार्च तक प्रत्येक गुरुवार को लाल कुआं से किया जाएगा। यह गाड़ी पीलीभीत भोजीपुरा किच्छा होते हुए चलेगी। यात्रियों की सुरक्षा के लिए आज से तीन मार्च तक दिल्ली और हावड़ा की पार्सल बुकिंग सेवा बंद कर दी गई है।
