सीएम योगी ने काशी विश्वनाथ धाम में किया पूजन-अर्चन, ‘काशी कोतवाल’ काल भैरव के चरणों में झुकाया शीश

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ/वाराणसी, अमृत विचार: गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के पहले दिन आध्यात्मिक नगरी काशी में बाबा विश्वनाथ और ‘काशी कोतवाल’ काल भैरव का विधिवत दर्शन-पूजन किया। जापान और सिंगापुर के दौरे से लौटने के बाद मुख्यमंत्री का यह प्रवास श्रद्धा, सहजता और मानवीय संवेदना से भरा रहा।

मुख्यमंत्री ने सबसे पहले काल भैरव मंदिर में पहुंचकर दर्शन-आरती की और काशी की सुख-समृद्धि व सुरक्षा की कामना की। मंदिर परिसर में मौजूद बच्चों से उन्होंने आत्मीय संवाद किया और उन्हें चॉकलेट देकर आशीर्वाद दिया। मंदिर से बाहर निकलते समय आसपास की दुकानों पर बैठे बच्चों से भी मुख्यमंत्री ने रुक कर हालचाल जाना और पढ़ाई के बारे में पूछा। बच्चों ने भी पूरे उत्साह से मुख्यमंत्री के सवालों के जवाब दिए।

इसी दौरान बच्चों ने मुस्कुराते हुए कहा कि हैप्पी होली बाबा जी!। बच्चों की इस मासूम शुभकामना पर मुख्यमंत्री भी मुस्कुरा उठे और उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों को चॉकलेट दी और उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया। यह दृश्य काशी की गलियों में सादगी और अपनत्व की झलक बन गया।

पास ही एक लस्सी विक्रेता से मुख्यमंत्री ने स्वच्छता का संदेश देते हुए कहा कि दही ढककर रखा करें। इसके बाद मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे। गर्भगृह में प्रवेश कर उन्होंने लोक मंगल, जनकल्याण और प्रदेश की समृद्धि की कामना के साथ षोडशोपचार विधि से पूजन-अभिषेक किया। बाबा विश्वनाथ की आरती कर उन्होंने विधिविधान से पूजा सम्पन्न की। दर्शन के दौरान मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय कर दिया। मंदिर से निकलते समय मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं का अभिवादन भी स्वीकार किया।

संबंधित समाचार