होली में हुड़दंगियों की खिदमत करेगी पुलिस: श्रद्धालुओं से अभद्रता करने पर होगी जेल, 24 घंटे क्विक रिस्पांस टीम रहेगी सतर्क

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

अयोध्या, अमृत विचार। होली में नशे में हुड़दंग मचाने वालों की खिदमत करने के लिए पुलिस तैयार है। किसी भी प्रकार की अराजकता की सूचना पर पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम पांच मिनट में मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेगी। अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं के साथ अभद्रता करने की शिकायत पर कानूनी कार्रवाई भी करने की तैयारी है। अयोध्या धाम में पुलिस तीसरी आंख से हर कोने पर नजर रखेगी। विशेष रूप से रामपथ, जैन मंदिर तिराहा, दंतधावन कुंड मार्ग और हनुमानगढ़ी चौराहे जैसे संवेदनशील स्थानों पर कड़ी निगरानी रहेगी।

किसी भी आपात स्थिति में पुलिस बल मौके पर पहुंच कार्रवाई करेगा। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि होली के नाम पर कोई भी हुड़दंग या अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई व्यक्ति राम भक्तों या श्रद्धालुओं के साथ अभद्रता करता है, उन्हें गाली-गलौज करता है या अनुचित व्यवहार करता है, तो ऐसे लोगों को तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजा जा सकता है।

होली को लेकर जिले के सभी थानों में पहले ही पीस कमेटी की बैठक कर आपसी भाईचारा बनाकर त्योहार मनाने की अपील की गई है। पर्व नजदीक आते ही पैदल गश्त बढ़ा दी गई है। विशेषकर संवेदनशील व मिश्रित आबादी वाले इलाकों में वरिष्ठ अधिकारी अर्धसैनिक बलों के साथ गश्त कर रहे हैं।

एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने रविवार को सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी, थाना पूराकलंदर प्रभारी मनोज कुमार शर्मा व अर्धसैनिक बलों के साथ भदरसा व अयोध्या शहर में पैदल गश्त किया। चौकी प्रभारी, बीट दारोगा व सिपाही भी लगातार गश्त कर अपने अपने इलाके में गश्त कर नजर रखेंगे। बिना अनुमति किसी प्रकार का जुलूस या अन्य कार्यक्रम आयोजित करने पर रोक लगाई गई है। नशे में धुत होकर सड़क पर हुड़दंग मचाने वालों से सख्ती से निपटने की तैयारी है।

होली में हुड़दंग मचाने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। हर थाने में क्विक रिस्पांस टीम बनाई गई है। जो मौके पर पांच मिनट में पहुंचकर कार्रवाई करेगी। सभी होलिका दहन स्थलों पर पुलिस व होमगार्ड के जवानों को तैनात किया गया है। लोगों से अपील है कि वह आपसी भाईचारा कायम रखते हुए त्योहार मनाए।-चक्रपाणि त्रिपाठी, एसपी सिटी।

ये भी पढ़ें :
होली पर यूपी में विशेष स्वच्छता अभियान: डीएम-सीडीओ करेंगे मॉनिटरिंग, फॉगिंग-एंटी-लार्वा छिड़काव पर जोर

 

संबंधित समाचार