होली : जोश में हावी रही वाहनों की रफ्तार, 300 पहुंचे अस्पताल, देखें Video
लखनऊ, अमृत विचार : राजधानी लखनऊ स्थित केजीएमयू में महज 24 घंटे के भीतर करीब 248 लोग इलाज के लिए पहुंचे हैं। जिन्हें ट्रामा सेंटर में भर्ती कर इलाज दिया गया है। इनमें होली के हुड़दंग में रफ्तार का शिकार होने वालों की संख्या 72 के करीब बताई जा रही है, जबकि कई मरीज रंगों के दुष्प्रभाव और सस्पेक्टेड प्वाइजनिंग के भी रहे हैं।
इलाज के दौरान दो गंभीर मरीजों की मौत हो गई है, एक मरीज वेंटीलेटर पर गंभीर अवस्था में भर्ती है, वहीं 6 लोगों की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। इसके अलावा लोहिया संस्थान की इमरजेंसी में करीब 52 लोग सड़क हादसे में घायल होकर इलाज के लिए पहुंचे हैं।
दरअसल, मरीजों का यह आंकड़ा केजीएमयू के ट्रामा सेंटर और लोहिया संस्थान की इमरजेंसी का है। जहां पर होली के दिन सुबह 8 आठ बजे से दूसरे दिन गुरुवार को सुबह 8 बजे तक 300 मरीज इलाज के लिए पहुंचे थे।
केजीएमयू स्थित ट्रामा सेंटर के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रेमराज ने बताया कि 248 लोग इलाज के लिए आये थे, इनमें से 75 से 80 लोग सड़क दुर्घटना में घायल मरीज थे। जिसमें से करीब 40 लोग अल्कोहल का सेवन करने की वजह से सड़क दुर्घटना में घायल हुये थे। कई मरीज रंगों के दुष्प्रभाव के कारण आंखों में जलन आदि की समस्या लेकर भी पहुंचे थे, जिन्हें तत्काल इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई थी।
लोहिया संस्थान की तरफ से जारी आंकड़ों की बात करें तो करीब 52 मरीज होली के हुड़दंग का शिकार होकर इलाज के लिए इमरजेंसी पहुंचे थे।
