कानपुर : शहर में चला झमाझम रंग, मस्ती में झूमें हुरियारे

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

कानपुर, अमृत विचार : होली पर इस बार शहर में झमाझम रंग चला। हुरियारे उत्साह में लबरेज रहे, आर्य पगर में मशहूर कपड़ा फाड़ होली खेल पर्व का रंग दोगुना किया गया। उधर शहर के मंदिरों में भी महादेव संग भक्तों ने अबीर गुलाल के बीच जयघोष लगाए। शहर के क्लब और सोसाइटी में भी गुलाल उड़ा माहौल को भव्य किया गया।

शहर में होली की मस्ती चरम पर रही। गुमटी, आर्य न्रगर, नवाबगंज, विष्णुपुरी, आजाद नगर सहित अन्य इलाकों में रंग भरी टोलियां भी निकली। इन टोलियों ने इलाकों में लोगों को रंगों से सराबोर किया। इसके बाद चौराहों पर इकट्ठे होकर होली की मस्ती बिखेरी। आर्य नगर चौराहे पर सुबह से ही होली की मस्ती छाई रही। सुबह आए लोगों का गुलाल का टीका लगाकर स्वागत किया गया। दोपहर तक यहां पर हजारों होरियारे इकट्ठे हो गए। रंगों के पटाखों, तेज डीजे संगीत और रंग की बौछार के बीच युवाओं ने होली की मस्ती को शीर्ष तक पहुंचा दिया। हाई वोल्टेज संगीत के साथ थिरक रहे युवाओं ने माहौल में उत्साह ला दिया। यहां पर शहर के अलग-अलग स्थानों से आए युवाओं ने एकजुटता के साथ होली का पर्व मनाया। इसी तरह ग्वालटोली, पीरोड, सीसामऊ, लाल बंगला सहित अन्य इलाकों में भी होली का उत्साह चरम पर रहा। दोपहर तक चले झमाझम रंग के बीच होरियारे उत्साह में बधाइयां देते रहे।

क्लब व सोसाइटी में उत्साह

होली पर शहर के विभिन्न क्लब व सोसाइटी में भी रंग चला। सासाइटी में लोगो ने एक साथ रंग खेला। यहां पर राधा कृष्ण की झांकियां भी आकर्षण बिखेर रहीं थी। स्वरून नगर, तिलक नगरख् पांडु नगर सहित अन्य सोसाइटी में रंगोत्सव के बाद शाम को होली पार्टियां भी आयोजित हुई। इन पाटियों में लोगों ने एक दूसरे के गले मिल होली की बधाई दी। 

मेले में मिले गले

आर्य नगर में बुधवार शाम को पारंपरिक होली मेला आयोजित हुआ। इस मेले में शहर के विभिन्न राजनितिक दलों के लोगो ने आकर स्थानीय लोगों से गले मिल होली का उत्साह बढ़ाया। स्थानीय लोगों ने भी मेले में आ रहे अतिथियों पर फूल बरसाकर व चंदन का तिलक लगाकर स्वागत किया। इस दौरान विभिन्न व्यापारी संगठन, समाजसेवी संगठन से जुड़े पदाधिकारी भी शामिल हुए। 

होली खेल निकाली झांकी

बाबा श्री आनंदेश्वर मित्र मंडली की ओर से होली पर्व पर भक्तों ने महादेव संग होली खेली। इस दौरान मंदिर के कोठारी महंत महाकाल गिरी, जूना अखाड़ा इच्छागिरी जी महाराज, संयोजक अभय मिश्रा सहित अन्य ने भक्तों की टोली का नेतृत्व किया। भक्तों की ओर से इस दौरान महादेव पर 251 किलो गुलाल व अबीर, सौ ग्राम इत्र, फूल भक्तों की ओर से बरसाए गए। भक्तों की ओर से इस दौरान बाबा के जयघोष से माहौल में उत्साह आ गया। मंदिर में होली खेलने के बाद भक्तों की टोली चुन्नीगंज स्थित शनिदेव मंदिर पहुंची। रास्ते में राधाकृष्ण, शंकर पार्वती, मशान की होली जेसी झांकी भी रही। यह यात्रा रास्ते में लोगों को अबीर से सराबोर करते हुए चल रही थी। यात्रा का कई जगहों पर स्वागत भी किया गया। शनिदेव मंदिर पहुंचने के बाद सभी भक्तों ने यहां पर विश्राम किया। 

फूलों की होली हुई

शहर में जागेश्वर महादेव मंदिर और सिद्धनाथ मंदिर में भक्तों की ओर से फूलों की होली खेली गई। जागेश्वर मंदिर में जागेश्वर मंदिर महासभा की ओर से बाबा पर बेले के फूलों से होली खेली गई। इसके बाद महादेव पर अबीर व गुलाल बरसाया गया। उधर सिद्धनाथ मंदिर में भी भक्तों की ओर से महादेव का नीले फूलों से शृंगार कर दुग्धाभिषेक किया गया। यहां पर गंगा भक्तों की ओर से भी होली खेली गई।

संबंधित समाचार