Moradabaad : मतदाता बनने के लिए डेढ़ लाख लोगों ने फॉर्म 6 भरा

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

आपत्ति के लिए 8000 फार्म 7 भरकर मतदाताओं ने किया जमा

मुरादाबाद, अमृत विचार। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के अन्तर्गत अब तक मतदाता बनने के लिए डेढ़ लाख लोगों ने फार्म 6 भरकर जमा किया है। जिसमें सर्वाधिक संख्या नगर विधानसभा क्षेत्र के लोगों की है। वहीं अन्य विधानसभाओं में भी युवाओं ने इसके लिए सबसे अधिक आवेदन किया है।

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में 1,78,000 अनमैप्ड मतदाताओं को नोटिस जारी किया गया था। नोटिस के जवाब में उनसे साक्ष्य सहित आवेदन करने के लिए निर्देश दिया गया था। वहीं मतदाता बनने के लिए दावे भी बीएलओ के माध्यम से लिए गए। दो बार विशेष बूथ दिवस पर बीएलओ की उपस्थिति में प्रक्रिया कराई गई। फिलहाल 6 मार्च दावे व आपत्ति प्राप्त करने की आखिरी तारीख निर्धारित है। ऐसे में आखिरी दिन लोगों को सक्रियता दिखानी होगी। वर्तमान समय तक डेढ़ लाख लोगों ने मतदाता बनने के लिए फार्म 6 भरकर जमा किया है। इसके अलावा आपत्ति के लिए भी 8000 मतदाताओं ने फार्म 7 भरा है। जबकि 20,000 ने फार्म आठ भरकर जमा किया है। आखिरी दिन जो भी दावा व आपत्ति दाखिल करना चाहता है अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर निर्धारित फार्म भरकर जमा कर सकता है। इसके बाद अवसर नहीं मिलेगा।

अपर जिलाधिकारी प्रशासन संगीता गौतम ने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया के अन्तर्गत निर्वाचन आयोग ने दो बार अंतिम तारीख को आगे बढ़ाया। फिलहाल 6 मार्च दावे व आपत्ति दाखिल करने की अंतिम तारीख है। उन्होंने बताया कि जिले की सभी छह विधानसभाओं में मिलाकर डेढ़ लाख लोगों ने मतदाता बनने के लिए फार्म 6 भरकर जमा किया है। इसमें नगर विधानसभा की संख्या अधिक है। उन्होंने अर्ह नागरिकों से अपील की कि वह 6 मार्च तक अपना आवेदन भरकर जमा कर दें। जिससे इससे संबंधित प्रक्रिया को पूरी कर मतदाता सूची पारदर्शिता के साथ बनाई जा सके।

संबंधित समाचार