Bareilly : चारधाम हवाई सेवा में डबल इंजन हेलीकॉप्टर का होगा इस्तेमाल
कमिश्नर बोले, सिंगल इंजन हेलीकॉप्टरों से हादसों के बाद डबल इंजन हेलिकाप्टर के इस्तेमाल का फैसला
बरेली, अमृत विचार। बरेली से चारधाम (यमुनाेत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ) के लिए सीधी हवाई सेवा का संचालन शुरू कराने की कवायद जोर-शोर से की जा रही है। कमिश्नर भूपेंद्र एस. चौधरी की डबल इंजन हेलिकाप्टर से उड़ान शुरू कराने के लिए उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के अधिकारियों से बातचीत चल रही है। उत्तराखंड सरकार की सहमति और हेली सेवा प्रदाता कंपनियों के तैयार होते ही चारधाम के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करा दी जाएगी।
कमिश्नर भूपेंद्र एस. चौधरी ने शुक्रवार को बताया कि उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दौरान सिंगल इंजन के हेलिकाप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं, जहां से हेलिकाप्टर उड़ान भरते हैं, वहां से चारधाम की दूरी भी ज्यादा नहीं है, लेकिन बरेली से चारधाम की दूरी भी बहुत ज्यादा है। नागरिकों की सुरक्षा के दृष्टिगत अब बरेली से डबल इंजन हेलिकाप्टर सेवा शुरू कराने पर मंथन चल रहा है। डबल इंजन हेलिकाप्टर से खर्च ज्यादा आ रहा है, इसलिए हवाई सेवा शुरू करने में विलंब हो रहा है। उत्तराखंड के अधिकारियों से बातचीत चल रही है। हवाई सेवा उत्तराखंड सरकार के साथ मिलकर की शुरू की जाएगी। कमिश्नर ने बताया कि डबल इंजन हेलिकाप्टर संचालित करने वाली कंपनी के हामी भरने के बाद हवाई सेवा शुरू कराने में देर नहीं लगेगी। चारधाम हवाई सेवा के लिए हेलिपैड बनाने के लिए भूमि की कमी नहीं है। बरेली शहर में चारों दिशाओं में हेलिपैड बनाने के लिए भूमि उपलब्ध है।
दरअसल, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल के चारधाम हवाई सेवा शुरू कराने के लिए मुख्यमंत्री से व्यक्तिगत पैरवी करने के साथ विधानसभा में भी मुद्दा उठा चुके हैं। इसके बाद से कमिश्नर ने चारधाम हवाई सेवा शुरू कराने के लिए उत्तराखंड के अधिकारियों से बातचीत शुरू की है। यह भी जानकारी सामने आई कि हेलिपैड बनाने के लिए बीडीए की ग्रेटर बरेली आवासीय परियोजना में तीन एकड़ भूमि चयनित की गयी है, लेकिन इसे अभी फाइनल नहीं माना जा रहा है।
