बाराबंकी : बंद होगा संजय सेतु, अब पीपा पुल ढोएगा यातायात, जानें वजह
रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। राजधानी लखनऊ से बहराइच होते हुए नेपाल को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित संजय सेतु के मरम्मत कार्य को लेकर जल्द ही पुल पर आवागमन बंद किया जाएगा। ऐसे में लोगों के सुगम परिवहन को ध्यान में रखते हुए सरयू नदी पर 6.28 करोड़ रुपये की लागत से पीपा पुल के निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है।
पुल बनने के बाद दोनों ओर से यातायात निर्बाध रूप से चलता रहेगा। गुरुवार को सरयू नदी में एक प्लाटून डालकर पीपा पुल निर्माण की आधारशिला रखी गई हालांकि नदी का जलस्तर कम होने के कारण किनारे काफी ऊंचे हो गए हैं, जिससे पांटून डालने में दिक्कत आ रही है। इसे देखते हुए दो जेसीबी मशीनों की मदद से नदी में डाल बनाने का कार्य तेज़ी से कराया जा रहा, ताकि पांटून की कड़ियां एक-एक कर जोड़ी जा सकें।
बताया जा रहा है कि कुल 208 पांटून से दो पीपा पुल बनाए जाएंगे। फिलहाल 52 पांटून मौके पर पहुंच चुके हैं। इसके अलावा लोहे के तख्त, पीलर, तार, गाटर, रस्से और नट-बोल्ट समेत अन्य निर्माण सामग्री भी जुटाई जा रही। निर्माण कार्य में तीन दर्जन से अधिक मजदूर युद्धस्तर पर लगे हुए हैं, जबकि दो हाइड्रा मशीनें कार्य को गति दे रही हैं।
कार्यदायी संस्था के कर्मचारियों के अनुसार यदि सब कुछ योजना के मुताबिक चलता रहा तो इसी माह के अंत तक सरयू नदी पर तैरता हुआ पीपा पुल तैयार हो जाएगा। पीपा पुल बन जाने के बाद लखनऊ से गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती और पड़ोसी राष्ट्र नेपाल तक आवागमन सुगम हो जाएगा। साथ ही आपातकालीन स्थिति में बीमार लोगों को अस्पताल तक पहुंचाने में भी बड़ी राहत मिलेगी।
