Women's Day: हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर बनेगी ‘वॉल ऑफ ग्रैटिट्यूड’, ‘शक्ति मेट्रो’ की शुरुआत
लखनऊ, अमृत विचारः अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर लखनऊ मेट्रो विशेष कार्यक्रमों का आयोजन करेगा। प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार शनिवार को विशेष शक्ति मेट्रो को हरी झंडी दिखाएंगे।
इसके साथ ही सप्ताहभर चलने वाले एग्जीबिशन ऑन व्हील्स की शुरुआत होगी। इसमें देश की प्रेरणादायक महिला हस्तियों की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। शुरुआत दोपहर 2 बजे सीसीएस एयरपोर्ट मेट्रो स्टेशन से होगी। एमडी सुशील कुमार और अन्य अधिकारी विशेष रूप से डिजाइन की गई मेट्रो ट्रेन में प्रदर्शनी देखेंगे।
लखनऊ मेट्रो के नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर पर एक सप्ताह तक मेट्रो से यात्रा करने वाले यात्री इसे देख सकेंगे। हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर ‘वॉल ऑफ ग्रैटिट्यूड’ का भी अनावरण किया जाएगा। यहां यात्रियों को उन महिलाओं के लिए संदेश लिखने का अवसर मिलेगा, जिन्होंने उनके जीवन को प्रेरित किया है। लोग मां, पत्नी, बहन, शिक्षक, सहकर्मी और अन्य प्रेरणादायक महिलाओं के प्रति आभार व्यक्त कर सकेंगे।
हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर शो योर टैलेंट पहल के तहत एक संगीत कार्यक्रम होगा। इस ओपन-फॉर-ऑल कार्यक्रम में महिला यात्री कराओके की मदद से अपने पसंदीदा गीत गा सकेंगी।
इससे स्टेशन पर उत्साहपूर्ण माहौल बनेगा और महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। एमडी सुशील कुमार ने कहा कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में महिलाओं की उपलब्धियों और योगदान को सम्मान देना है।
ये भी पढ़ें :
ईरानी पहलवान लखनऊ में दिखाएंगे दम: केडी सिंह बाबू स्टेडियम में सजेगा रेसलिंग गोल्डकप
