बहराइच पुलिस की बड़ी कार्रवाई : जमीन हड़पने की साजिश में वांछित आरोपी गिरफ्तार
बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच में जमीन हड़पने की साजिश के बीच पुलिस ने एक अहम कार्रवाई करते हुए लंबे समय से वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। कोतवाली देहात पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में चल रहे भूमि संबंधी धोखाधड़ी के मामलों पर बड़ी चोट माना जा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामला एक वृद्ध महिला की करीब 0.734 हेक्टेयर कृषि भूमि से जुड़ा है, जिसे हथियाने के लिए सुनियोजित तरीके से फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए।
पीड़िता उषा देवी ने आरोप लगाया था कि पहले उनकी जमीन का सौदा करोड़ों रुपये में तय किया गया, लेकिन पूरा भुगतान नहीं किया गया। इसी बीच आरोपी पवन कुमार जायसवाल ने कथित रूप से एक फर्जी नोटरी इकरारनामा तैयार कर उन्हें धमकाना शुरू कर दिया और जमीन पर अपना दावा जताते हुए मोटी रकम की मांग करने लगा। शिकायत में यह भी सामने आया कि आरोपी द्वारा फर्जी कागजों के आधार पर न सिर्फ पीड़िता को डराया गया, बल्कि उसे ब्लैकमेल करने की कोशिश भी की गई।
पीड़िता ने कई स्तरों पर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन आरोपी के भाजपा नेता होने के कारण कार्रवाई में देरी के चलते मामला गंभीर होता चला गया। इसी बीच पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर कोतवाली देहात प्रभारी दद्दन सिंह की टीम ने सक्रियता दिखाई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मंगलवार को मोहल्ला अटकोनवा में दबिश देकर आरोपी पवन कुमार जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया।
गौरतलब है कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने से संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक दद्दन सिंह का कहना है कि इस पूरे प्रकरण में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है और जल्द ही और खुलासे हो सकते हैं। प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि जमीन के नाम पर फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
