लखनऊ : गृहकर पर 10 प्रतिशत छूट का कल अंतिम दिन, रात 8 बजे तक खुले रहेंगे नगर निगम के कैश काउंटर
लखनऊ, अमृत विचार : गृहकर ऑनलाइन जमा करने पर 10 प्रतिशत छूट पाने का कल अंतिम दिन है। इस छूट का लाभ उठाने के लिए भवन स्वामी गुरुवार को रात 8 बजे तक ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं। इसके बाद 1 से 31 मई तक ऑनलाइन गृहकर जमा करने पर 8 प्रतिशत छूट मिलेगी।
वहीं गुरुवार तक कैश काउंटर पर गृहकर जमा करने वाले भवन स्वामियों को 10 प्रतिशत छूट मिलेगी। 1 से 31 मई तक यह छूट कम होकर 8 प्रतिशत रह जाएगी। नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अशोक सिंह ने भवन स्वामियों से अपील करते हुए अपना गृहकर गुरुवार को ही ऑनलाइन जमा करके 10 प्रतिशत छूट का लाभ उठाने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि करदाता घर बैठे ही वेबसाइट lmc.up.nic.in पर जाकर आसानी से गृहकर जमा कर सकते हैं। भवन स्वामियों की सुविधा के लिए नगर निगम के कैश काउंटर गुरुवार को सुबह 10 से रात 8 बजे तक खुले रहेंगे।
