आंधी और बारिश ने रोकी कुर्सी-हैदरगढ़ की रफ्तार, हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार : जिलावासियों के लिए बुधवार की दोपहर खुशखबरी जैसी रही। अचानक मौसम ने करवट ली और धूल भरी आंधी के साथ बादल उमड़ने लगे। हालांकि कुर्सी क्षेत्र में बारिश के दौरान ओलावृष्टि हुई तो हैदरगढ़ में आंधी ने काफी नुकसान कर डाला। इस दौरान दो लोग घायल हुए तो विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। वहीं जिले के अन्य इलाकों में बूंद भर पानी नहीं गिरा, केवल गर्मी से राहत मिली।
  
बुधवार की सुबह रोज की तरह गर्मी ने पैर पसार लिए थे। दोपहर तक सबकुछ सामान्य था पर करीब दो बजे के बाद मौसम अचानक बदला और आसमान को बादलों ने घेर लिया। कुछ ही पल में धूल भरी आंधी शुरु हो गई और बिजली कौंधने लगी। बाराबंकी शहर, देवा, मसौली, रामनगर, रामसनेहीघाट, सिरौलीगौसपुर, फतेहपुर जैसे इलाकों में मामला आंधी और बिजली कड़कने तक ही सीमित रहा।

हैदरगढ़ प्रतिनिधि के अनुसार बुधवार की दोपहर लगभग तीन बजे अचानक तेज हवाएं चलने लगी और हवाओं ने आधी तूफान का रूप ले लिया। इसी दौरान तहसील मुख्यालय के गेट के निकट जड़ से उखड़े बालम खीरा के विशालकाय पेड़ ने तहसील परिसर की दीवार तोड़ी फिर फायर स्टेशन के परिसर में जा गिरा। पेड़ की चपेट में आकर फायर स्टेशन का गेट भी क्षतिग्रस्त हो गया।

इस दौरान तहसील परिसर में ही महुआ का पेड़ भी गिर जाने से तहसील मुख्यालय के छज्जे का एक हिस्सा भी टूट कर गिर गया। पश्चिमी गेट से बाहर निकल रहे अधिवक्ता लोनीकटरा थाना क्षेत्र के निवासी अनिल कुमार गौतम 42 वर्ष गंभीर रूप से घायल हुए, उनका सीएचसी में उपचार जारी है। इसी थाना क्षेत्र में मंगलपुर कालोनी ककरी निवासी 12 साल का सौरभ भी अचानक टीनशेड गिरने से घायल हो गया। उसे लखनऊ रेफर किया गया है। तहसील प्रशासन द्वारा जहां तत्काल अग्निशमन केंद्र के परिसर में गिरे पेड़ को हटवाया गया, वहीं बिजली आपूर्ति सुचारु करने के प्रयास जारी हैं। उधर कुर्सी इलाके में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। जिससे हालिया फसलों को नुकसान की संभावना है।

संबंधित समाचार