लखनऊ : कोर्ट में तारीख बढ़ाने से इंकार, तो पेशकार पर किया जानलेवा हमला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार : कैसरबाग कोर्ट परिसर में तारीख बढ़ाने का दबाव न मानने पर महिला अधिवक्ता ने अपर प्रधान न्यायाधीश के पेशकार के सिर पर हेल्मेट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चींखपुकार सुनकर कोर्ट मोहर्रिर व अन्य अधिवक्ता दौड़े। आरोप है कि महिला ने गाली-गलौज करते हुए पत्रावलियां फाड़ने का प्रयास किया और धमकाते हुए चली गयी।

आलमबाग के सुंदरनगर निवासी स्वतंत्र कुमार श्रीवास्तव अपर प्रधान न्यायाधीश कक्ष संख्या-4 में पेशकार हैं। मंगलवार को पीठासीन अधिकारी अवकाश पर थे, पत्रावलियों में नियत तिथि दर्ज थी। दोपहर करीब 2:27 बजे यशु सिंह बनाम यशवंत मामले में यशु सिंह की संरक्षिका अंशू सिंह पहुंचीं और पत्रावली मांगी। साइन के लिए पत्रावली दी गई। आरोप है कि अंशू सिंह ने तिथि हटाकर छह माह आगे बढ़ाने का दबाव बनाया, मना करने पर गाली-गलौज व धमकी दी। हंगामा बढ़ने पर मौके पर अधिवक्ता और कर्मचारी पहुंचे। इसी दौरान अंशू सिंह ने हेल्मेट से पेशकार के सिर पर हमला कर दिया जिससे वह गिर पड़े।

घटना के बाद अंशू सिंह धमकी देकर चली गयी। घायल पेशकार को बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। कैसरबाग पुलिस ने मेडिकल के बाद तहरीर पर नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। इंस्पेक्टर अंजनी कुमार मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है और सभी गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं ताकि घटना के कारणों की पूरी स्पष्टता सामने आ सके और आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। पुलिस मामले में किसी भी लापरवाही की संभावना से इंकार नहीं कर रही है।

संबंधित समाचार