Hardoi News: पेपर कप फैक्ट्री में दर्दनाक हादसा, मशीन में गर्दन फंसने से मजदूर की मौत
हरदोई। उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई हैय़ यहां के एक पेपर कप फैक्ट्री में मशीन की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार अनंग बेहटा गांव के मजरा पंडित पुरवा स्थित एक पेपर कप बनाने वाली फैक्ट्री में शुक्रवार देर रात यह हादसा हुआ।
बढ़ेयन पुरवा निवासी रेहान (19) पुत्र आलम खान फैक्ट्री में काम कर रहा था।
इसी दौरान उसकी गर्दन अचानक मशीन में फंस गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि घटना के समय वह मशीन के पास अकेले काम कर रहा था। कुछ देर बाद जब फैक्ट्री मालिक मोहम्मद आसिफ बाहर से लौटे तो दरवाजा खटखटाने पर अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर उन्होंने शीशा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां रेहान की गर्दन मशीन में फंसी हुई मिली।
इसके बाद मशीन बंद कर मजदूर को बाहर निकाला गया और परिजनों तथा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फैक्ट्री मालिक के अनुसार आशंका है कि काम करते समय रेहान मोबाइल फोन चला रहा था, जिससे उसका ध्यान मशीन से हट गया और वह हादसे का शिकार हो गया। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।
