भारत-यूके मुक्त व्यापार समझौता रोजगार के नए अवसर देगा : जसवंत सिंह
पीएम सूर्य घर योजना पर सौर ऊर्जा के बढ़ते अवसरों पर चर्चा
लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश को स्वच्छ ऊर्जा निवेश का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए उत्तर प्रदेश एनर्जी एक्सपो- 2026 के प्री-इवेंट अवेयरनेस कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार को लखनऊ स्थित होटल ताज में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के यूपी स्टेट चैप्टर और फर्स्ट व्यू द्वारा उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण, उत्तर प्रदेश सरकार की एजेंसी इन्वेस्ट यूपी तथा सेवा के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम को सिगएनर्जी, आइकॉन सोलर, केईआई इंडस्ट्रीज लिमिटेड, सालासार टेक्नो इंजीनियरिंग लिमिटेड, पॉलीकैब इंडिया, साएल इंडस्ट्रीज, रेडिको खेतान, एरेम, फिनटेक्स इंडिया, एसएलएनको एनर्जी एवं ट्रू पावर का भी समर्थन रहा। कार्यक्रम का मुख्य विषय पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना रहा, जिसके अंतर्गत उद्योग जगत के प्रतिनिधियों एवं सरकारी अधिकारियों ने सौर ऊर्जा क्षेत्र में उभरते अवसरों, वर्तमान नीतिगत ढांचे एवं राज्य में इसकी बढ़ती संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
मुख्य अतिथि औद्योगिक विकास राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी ने कहा कि भारत-यूके मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) युवाओं के लिए कौशल विकास एवं रोजगार के नए अवसर उत्पन्न करेगा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार निवेश मित्र पोर्टल के माध्यम से उद्योगों के लिए पारदर्शी एवं अनुकूल वातावरण प्रदान कर रही है। उन्होंने एफटीए को स्वर्णिम अवसर बताते हुए कहा कि उद्योगों को अंतरराष्ट्रीय मानकों को अपनाकर वैश्विक बाजार में अपनी मजबूत पहचान बनानी चाहिए।
ब्रिटिश उप उच्चायुक्त बेन मेलर ने भारत-यूके संबंधों को मजबूत साझेदारी का उदाहरण बताते हुए कहा कि प्रस्तावित एफटीए से व्यापार में स्थिरता आएगी, व्यवसाय करना आसान होगा और एआई, लाइफ साइंसेज, वित्तीय सेवाओं एवं ग्रीन एनर्जी जैसे क्षेत्रों में नए अवसर खुलेंगे। उन्होंने बताया कि यह समझौता 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 60 अरब डॉलर से बढ़ाकर 120 अरब डॉलर तक पहुंचा सकता है।
यूपीनेडा के निदेशक रविंदर सिंह ने कहा कि सतत विकास के लिए नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि पीएम सूर्य घर योजना एवं पीएम-कुसुम योजना के माध्यम से घरों, किसानों एवं उद्योगों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि 15 अप्रैल तक लखनऊ में 85,000 से अधिक सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं और उत्तर प्रदेश इस क्षेत्र में देश में प्रथम स्थान पर है।
यूपीनेडा के सचिव पंकज सिंह ने कहा कि नवीकरणीय ऊर्जा को गति देने के लिए नवाचार, आसान वित्तपोषण एवं सभी हितधारकों के बीच समन्वय अत्यंत आवश्यक है। पीएचडी चैम्बर ऑफ़ कामर्स के सीईओ एवं महासचिव डॉ. रंजीत मेहता ने उत्तर प्रदेश की आर्थिक प्रगति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राज्य की बड़ी आबादी बढ़ती क्रय शक्ति, मजबूत एमएसएमई आधार, ओडीओपी उत्पाद एवं जीआई टैग उत्पाद इसे वैश्विक साझेदारी के लिए एक सशक्त बाजार बनाते हैं। उन्होंने विशेष रूप से कंप्रेस्ड बायोगैस एवं कृषि आधारित ऊर्जा क्षेत्रों में भारत-यूके सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया।
