कानपुर : बर्तन दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, तीन गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर, अमृत विचार। कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाने के ठीक बगल में स्थित बर्तन और मूर्तियों की दुकान से दिनदहाड़े हुई चोरी का मात्र 48 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया गया। पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों के साथ ही चोरी का माल खरीदने वाले दुकानदार को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

दुकानदार यशोदानगर निवासी राजकुमार साहू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 4 मार्च की दोपहर करीब 1 बजे दो बाइक सवार शातिर चोर उनकी दुकान में घुसे। एक आरोपी दुकान के बाहर बाइक पर बैठकर निगरानी करता रहा, जबकि दूसरा हाथ में त्रिशूल लेकर अंदर दाखिल हुआ। उसने गुल्लक का ताला तोड़कर 25 हजार रुपये नकद और करीब 20 किलो वजनी सात पीतल की मूर्तियां चुरा लीं। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसमें बिना नंबर प्लेट वाली बाइक और चोरों की हरकतें साफ दिखाई दीं।

cats

डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच से पुलिस आरोपियों तक पहुंची। जांच में दोनों की पहचान हुई, विवेक दीक्षित (मूल निवासी रेऊना, दरौली गांव) और शिव प्रसाद (हमीरपुर, उजनेड़ी गांव निवासी), जो वर्तमान में हनुमंत विहार में किराए के मकान पर रहकर ऐसी वारदातें अंजाम देते थे। 

चोरी का माल उसी शाम कानपुर देहात के गजनेर निवासी दुकानदार अनिल कुमार को बेच दिया गया था, जिसे भी पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर बरामदगी हुई राधा-कृष्ण समेत पांच पीतल की मूर्तियां, चार पीतल के आसन, तांबे का लोटा, 16 दीपक, दो दीपक हैंडल, कटोरी, प्लेट आदि। कुल 35 पीस धातु के सामान बरामद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये है। साथ ही चोरी में इस्तेमाल बाइक भी जब्त की गई।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। यह कार्रवाई कानपुर पुलिस की त्वरित जांच और तकनीकी निगरानी की क्षमता को दर्शाती है, जिससे चोरों में खौफ पैदा हुआ है।

संबंधित समाचार