रंग लगाने के विवाद में युवक की हत्या करने वाले दंपति समेत चार गिरफ्तार, अन्य की तलाश में दबिश

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: होली पर रंग लगाने के विवाद में पत्नी का बचाव करने पहुंचे रमेश गौतम (30) को रिश्ते में साली और उसके घरवालों ने डंडों से पीट दिया। गुरुवार रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने पत्नी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर साली, उसके पति समेत चार आरोपियों को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया।

इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह चौहान ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में रेखा, उसका पति सूरज गौतम निवासी माल हालपता फरीदीपुर, देवरानी चांदनी और भतीजा राजेंद्र निवासी घूंघटेर बाराबंकी है। पुलिस पांचवे आरोपी नीरज की तलाश कर रही है। इंस्पेक्टर ने बताया कि मूलरूप से हरदोई निवासी रमेश गौतम (30) ठाकुरगंज के लालाबाग में पत्नी केतकी और बेटे आयुष के साथ किराये के मकान में रहकर मजदूरी करते थे।

केतकी ने बताया था कि बुधवार दोपहर करीब एक बजे वह किचन में खाना बना रही थीं। तभी रिश्ते में बहन और पड़ोसी रेखा रंग खेलने के लिए घर आ गई। उन्होंने घर में गंदगी होने की बात कही और रंग लगवाने से मना कर दिया। इस पर रेखा गाली-गलौज करने लगी। आरोप है कि विरोध करने पर रेखा ने पति सूरज, देवर नीरज, देवरानी चांदनी और भतीजे राजेंद्र को बुलाकर डंडों से पीटना शुरू कर दिया। चीख-पुकार मचाने पर जब पति रमेश बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपी उन पर टूट पड़े। लहूलुहान हालत में दंपति को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां गुरुवार रात इलाज के दौरान रमेश की मौत हो गयी थी।

संबंधित समाचार