Bareilly:सपा प्रदेशाध्यक्ष बोले-सामाजिक न्याय के मुद्दे पर होगा 2027 चुनाव
बरेली, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने गुरुवार को बरेली में कहा कि जब तक महिला आरक्षण में पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक वर्ग का कोटा निर्धारित नहीं होता, तब तक सपा इसे लेकर विरोध करती रहेगी। सड़क से सदन तक आवाज उठाते रहेंगे। सरकार समय पर पंचायत चुनाव न कराकर ग्रामीण इलाकों में विकास के साथ धोखा कर रही है।
बरेली पहुंचे सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल ने पार्टी दफ्तर पर प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि डबल इंजन सरकार जनता के साथ धोखा कर रही है। उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराधों का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। कागजी विज्ञापन और झूठे विधेयकों के जरिए महिलाओं को गुमराह करने की कोशिश जा रही है। उन्होंने गाजीपुर और हरदोई की घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि यूपी में पीड़ितों को न्याय नहीं मिल रहा। विपक्षी नेताओं पर जानलेवा हमले और मुकदमे हो रहे हैं।
उन्होंने कहा चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हुए कहा कि पंचायत चुनाव न कराकर ग्रामीण विकास और लोकतंत्र के साथ धोखा किया जा रहा है। भाजपा जानबूझकर गांवों को विकास की मुख्यधारा से काटकर जनता को परेशान कर रही है। 2027 का चुनाव सामाजिक न्याय के मुद्दे पर लड़ा जाएगा। बंगाल में भाजपा को हार मिलेगी। सिलेंडर की महंगाई और सुरक्षा के नाम पर हो रहे धोखे का हिसाब 2027 में यूपी की जनता भी लेगी।
जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, विधायक शहजिल इस्लाम, पूर्व सांसद प्रवीण ऐरन, अगम मौर्या, कदीर अहमद, राजेश मौर्या, राम प्रकाश यादव, अनुज गंगवार, रविन्द्र यादव, अशोक यादव, मनोहर पटेल प्रमुख रूप से मौजूद रहे। सपा प्रदेश अध्यक्ष ने बाद में निजी अस्पताल पहुंचकर सीढ़ियों से गिरकर जख्मी हुए बहेड़ी विधायक उताउर रहमान का हाल जाना। बरेली आगमन पर फतेहगंज पूर्वी, फरीदपुर और मिनी बाईपास समेत कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
