T20 World Cup Final: लखनऊ में जोश, बड़ी स्क्रीन और फूलों की होली की तैयारी
लखनऊ, अमृत विचार : टी-20 विश्व कप के फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले महामुकाबले को लेकर राजधानी लखनऊ में जबरदस्त उत्साह है। भारतीय टीम लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने की दहलीज पर खड़ी है। ऐसे में शहर भर के क्रिकेट प्रेमी टीम इंडिया की जीत के लिए दुआएं कर रहे हैं। रविवार को होने वाले इस मुकाबले को लेकर लोगों ने अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम तक टाल दिए हैं, ताकि वे पूरे जोश के साथ मेन इन ब्लू का हौसला बढ़ा सकें।
शहर में जगह-जगह बड़ी स्क्रीन पर मैच देखने की तैयारी
छुट्टी का दिन होने के कारण लोगों ने पहले से ही मैच देखने की खास तैयारी कर ली है। कई क्रिकेट प्रशंसकों ने अक्षर पटेल, संजू सैमसन और हार्दिक के नाम वाली टी-शर्ट भी खरीदी हैं। शहर के अलग-अलग इलाकों में मैच के सामूहिक प्रसारण की व्यवस्था की गई है, ताकि प्रशंसक एक साथ इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बन सकें। राजाजीपुरम स्थित सेंट जोसेफ स्कूल में बड़ी स्क्रीन लगाई गई है, जहां स्कूली बच्चे अपनी टीम को चीयर करेंगे। स्कूल के प्रबंध निदेशक अनिल अग्रवाल ने बताया कि बच्चों के साथ बड़े पर्दे पर मैच देखने का अनुभव खास होगा। भारत की जीत के बाद जश्न के लिए फूलों की होली और आतिशबाजी की भी तैयारी की गई है।
इसी तरह स्पोर्ट्स गैलेक्सी क्रिकेट अकादमी की ओर से आलमबाग स्थित एआर जयपुरिया स्कूल परिसर में भी बड़ी स्क्रीन लगाई जा रही है। अकादमी के निदेशक सुभांश कुमार के अनुसार इस मौके पर शहर भर के युवा क्रिकेटरों को आमंत्रित किया गया है, ताकि वे एक साथ मैच का आनंद उठा सकें और टीम इंडिया का उत्साहवर्धन कर सकें।
होटल-रेस्टोरेंट में भी खास इंतजाम
शाम को शुरू होने वाले इस मुकाबले को लेकर शहर के प्रमुख होटल और रेस्टोरेंट भी खास तैयारियों में जुटे हैं। यहां परिवारों और दोस्तों के साथ मैच देखने आने वाले प्रशंसकों के लिए लाइव स्ट्रीमिंग के साथ विशेष मेन्यू की व्यवस्था की गई है।
भारत का चैंपियन बनना तय : रत्नेश मिश्रा
पूर्व रणजी खिलाड़ी रत्नेश मिश्रा का कहना है कि टीम इंडिया का अब तक का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है और इससे भारत का चैंपियन बनना तय नजर आता है। उन्होंने कहा कि संजू सैमसन ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन तेवर दिखाए हैं और फाइनल में भी वह टीम के लिए खेवनहार साबित हो सकते हैं। मिश्रा के अनुसार अंतिम एकादश में ज्यादा छेड़छाड़ नहीं होनी चाहिए, जबकि कुलदीप यादव को एक अतिरिक्त स्पिन विकल्प के रूप में मौका मिल सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि अभिषेक शर्मा टी-20 प्रारूप में अपनी उपयोगिता साबित कर चुके हैं और फाइनल में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
इतिहास रचने से बस एक कदम दूर टीम : डॉ. नवनीत सहगल
क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ के अध्यक्ष डॉ. नवनीत सहगल ने कहा कि शहर में क्रिकेट से जुड़े हर व्यक्ति को इस मुकाबले का बेसब्री से इंतजार है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारतीय टीम जीत से बस एक कदम दूर है और निश्चित रूप से इतिहास रचेगी। रविवार शाम को होने वाला यह मुकाबला न केवल क्रिकेट प्रेमियों के लिए रोमांचक होगा, बल्कि लखनऊ में जश्न और उत्सव का माहौल भी देखने को मिल सकता है।
